T20 World Cup 2026: चोट की नहीं की परवाह, झटके इतने विकेट, श्रीलंका को दिलाई पहली जीत
TV9 Bharatvarsh February 09, 2026 04:42 AM

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छठे मैच में श्रीलंका ने कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयरलैंड को 20 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की. यह मुकाबला श्रीलंका के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा की हिम्मत के लिए भी लंबे समय तक याद रखा जाएगा. वानिंदु हसरंगा ने चोट के बावजूद अपनी टीम के लिए एक मैच विनिंग स्पेल फेंका. सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने एक खास लिस्ट में दिग्गज गेंदबाज लसित मलिंगा को भी पीछे छोड़ दिया.

श्रीलंका ने बोर्ड पर लगाए 163 रन

इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए. इस दौरान कुसल मेंडिस ने 56 रन और कामिंदु मेंडिस ने 19 गेंदों पर 44 रन की तूफानी पारी खेली. पथुम निसांका ने भी 23 गेंदों पर 24 रनों का योगदान दिया. वहीं, आयरलैंड के लिए बैरी मैकार्थी, जॉर्ज डॉकरेल ने 2-2 विकेट चटकाए. मार्क अडायर और गैरेथ डेलानी के नाम भी 1-1 सफलता रही.

वानिंदु हसरंगा की मैच विनिंग बॉलिंग

चेज में आयरलैंड की शुरुआत ठीक रही, लेकिन श्रीलंका की स्पिन जोड़ी ने मैच पलट दिया. वानिंदु हसरंगा और महेश थीक्षाना ने कमाल की गेंदबाजी की. लेकिन वानिंदु हसरंगा ने अपने पहले ही ओवर में दिक्कत महसूस की. उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया, जिसके चलते फिजियो को मैदान पर आना पड़ा और वह लंगड़ाते हुए दिखे. वह एक्शन पूरा नहीं कर पा रहे थे, गेंद में ज्यादा पावर भी नहीं डाल पा रहे थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने अपने पूरे कोटा के 4 ओवर पूरे किए और 25 रन देकर 3 विकेट अहम झटके, जिसे देखकर कोई भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाया. वानिंदु हसरंगा ने इसी के साथ टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उनके नाम अब 40 विकेट हो गए हैं. इससे पहले लसित मलिंगा 38 विकेट के साथ टॉप पर थे.

हसरंगा ने रोस अडेयर को गूगली पर बोल्ड किया. फिर हैरी टेक्टर को डीप मिडविकेट पर कैच करवाया और कर्टिस कैम्फर को लॉन्ग ऑफ पर आउट किया. इन विकेटों ने आयरलैंड की रीढ़ तोड़ दी और आयरलैंड की पूरी टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर ऑलआउट हो गई. इस दौरान महेश थीक्षाना ने भी 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. महेश थीक्षाना ने पावरप्ले में विकेट लेकर टीम को दमदार शुरुआत दिलाने का काम किया. फिर मथीशा पथिराना ने 2 विकेट, दुष्मंता चमीरा और दुनिथ वेल्लाला ने 1-1 विकेट लेकर टीम को जीत तक पहुंचा दिया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.