जबलपुर : संस्कारधानी जबलपुर को बदमाश अपराध की राजधानी बनाने पर तुले हुए हैं.आए दिन होने वाली चाकू बाजी की वारदातों से लोग सहम उठे हैं और पुलिस अपराधियों के सामने बेबस नजर आ रही है.रांझी थाना इलाके के गोकलपुर क्षेत्र में बीती रात एक दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने घेर कर एक फर्नीचर व्यापारी को मौत के घाट उतार दिया.
विवाद बस इतना था कि फर्नीचर व्यापारी की क्रेटा कार से एक युवक की मोटरसाइकिल टकरा गई. इस टक्कर में फर्नीचर व्यापारी की कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, इसी बात पर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मोटरसाइकिल सवार युवक ने विवाद करना शुरू किया और इसी बीच अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया.
हथियारों से लैस होकर आए बदमाशों ने क्रेटा कार मालिक एकांश साहू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए.सीने पर चाकू के वार से फर्नीचर व्यापारी एकांश साहू मौके पर ही ढेर हो गया.जानकारी के मुताबिक अधारताल थाना इलाके के सब्जी मंडी क्षेत्र में रहने वाला एकांश साहू फर्नीचर का बड़ा कारोबारी है.
बीती रात में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रांझी के गोकुलपुर इलाके में गया था और वहीं से लौटते वक्त उसकी कार एक मोटरसाइकिल सवार युवक से टकरा गई. जरा सी बात पर हुई इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग लगातार बढ़ती आपराधिक वारदातों पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं.लोग अब यह कहने से भी नहीं चूक रहे हैं कि अपराधी संस्कारधानी को अपराध की राजधानी बना रहे हैं.
पिछले कई दिनों से लगातार हत्या और चाकू बाजी की वारदातें सामने आ रही है बावजूद इसके पुलिस द्वारा कोई भी सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. अपराधियों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है जिसके चलते बदमाश आए दिन आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती पेश कर रहे हैं. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। गोकलपुर मेन रोड पर हुई इस जघन्य हत्या से परिजन भी गुस्से से भड़क उठे हैं और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
फिलहाल रांझी पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.इस बीच एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है जिसमें मृतक फर्नीचर व्यापारी एकांश साहू अपनी क्रेटा कार के साथ खड़ा हुआ नजर आ रहा है और उसकी कार का अगला हिस्सा क्षति ग्रस्त दिखाई दे रहा है.