'BJP के 'भगवान राम' नहीं, ओवैसी', तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी का बड़ा हमला
TV9 Bharatvarsh February 10, 2026 02:43 AM

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लेते हुए भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है. नगरपालिका चुनाव में प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी के भगवान राम नहीं, बल्कि असदुद्दीन ओवैसी हैं. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी BJP की जीवनरेखा है, वे उनके नाम पर वोट मांगते हैं. सीएम रेवंत रेड्डी का बीजेपी पर ये अब तक बड़ा हमला माना जा रहा है.

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने BJP पर बांटने वाली राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो नेता भगवान राम का नाम जपने का दावा करते हैं, वे राजनीतिक फायदे के लिए बार-बार AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लेने में लगे रहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP ओवैसी को ‘राजनीतिक डरावने पुतले’ के तौर पर इस्तेमाल कर रही है ताकि वोटरों को बांटा जा सके और सांप्रदायिक नफरत फैलाई जा सके. उन्होंने इसे बीजेपी का वैचारिक दिवालियापन बताया है.

बीजेपी नेताओं ने वादा नहीं निभाया

मुख्यमंत्री ने बीजेपी नेताओं की आलोचना करते हुए कहा जब हैदराबाद में बाढ़ आई थी, तब बांदी संजय कुमार ने वादा किया था कि लोगों के खोए सामान की भरपाई होगी. बाद में उन्होंने कहा कि क्योंकि लोग बीमा करवा चुके हैं, इसलिए वे स्वयं खरीद लें. अब वही लोग वोट मांग रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि वे केंद्र से फंड लाएंगे और विकास करेंगे. क्या लोग उन पर भरोसा करें?

रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाबूबनगर आए और पलामुरु-रंगारेड्डी लिफ्ट इरिगेशन योजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का वादा किया. मैं इंतजार कर रहा था कि यह वादा पूरा होगा या नहीं, उसके बाद वोट मांगूंगा। वहीं, देवेंद्र फडणवीस आदिलाबाद में आए और प्रनाहिता-चेवेला परियोजना के वादे को पूरा करने के बजाय वोट मांगने आए.

रेवंत रेड्डी वोटरों से की अपील

उन्होंने कहा कि इस बार के नगरपालिका चुनावों में तीन राजनीतिक दल प्रतिस्पर्धा में हैं बीआरएस, जो पिछले दस वर्षों से राज्य में सत्ता में है, भाजपा, जो केंद्र में सत्ता में है और कांग्रेस, जो राज्य में सत्ता में है. रेवंत ने वोटरों से नफरत की राजनीति को खारिज करने और बैलेट बॉक्स में सच्चाई को चुनने की अपील की. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि AIMIM एक लोकतांत्रिक ताकत है, जो अपना काम कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.