रईसजादे ने लेम्बोर्गिनी से 3 लोगों को रौंदा…उल्टे लोगों को धमकाया, तंबाकू कारोबारी के बेटे का पूरा कांड पढ़ें!
Himachali Khabar Hindi February 10, 2026 11:42 AM

Lamborghini Accident in Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज एक रईसजादे की बेलगाम रफ्तार और रसूख के नशे ने सड़कों पर खूनी मंजर पैदा कर दिया। शहर के एक प्रतिष्ठित तंबाकू कारोबारी के बेटे ने अपनी करोड़ों रुपए की लेम्बोर्गिनी कार को किसी खिलौने की तरह दौड़ाते हुए न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि कई जिंदगियों को मौत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया। चश्मदीदों की मानें तो कार की रफ़्तार इतनी अधिक थी कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना ग्वालटोली थाना क्षेत्र के रेव थ्री मॉल के पास की है। तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा पर आरोप है कि वह शराब के नशे में धुत होकर अपनी लग्जरी लेम्बोर्गिनी कार चला रहा था। इसी दौरान उसने एक बुलेट को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बुलेट पर तीन लोग सवार थे, जो टक्कर लगते ही हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद शिवम ने रुककर घायलों की मदद करने के बजाय कार की रफ़्तार और बढ़ा दी और मौके से भागने की कोशिश की। इसी आपाधापी में कार अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई।

बाउंसरों की बदसलूकी और जनता का गुस्सा

हादसे के वक्त शिवम की सुरक्षा के लिए पीछे एक अन्य कार में बाउंसर भी चल रहे थे। जैसे ही लेम्बोर्गिनी कार डिवाइडर से टकराई, स्थानीय लोगों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने कार को घेर लिया और शीशे तोड़कर शिवम को बाहर खींच लिया। इस बीच पीछे से आए बाउंसरों ने घायल बुलेट सवारों को देखने के बजाय आम जनता से अभद्रता और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। रईसजादे के सुरक्षाकर्मियों की इस हरकत ने आग में घी डालने का काम किया और भीड़ अधिक उग्र हो गई।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने लहूलुहान हालत में तीनों बुलेट सवारों को अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और शिवम मिश्रा को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। करोड़ों की इस कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़कों पर रसूख की नुमाइश करने वालों को कड़ा संदेश मिल सके।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.