श्रीलंका टीम को लगा बड़ा झटका, 2026 टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ यह मिस्ट्री स्पिनर
शिवम February 10, 2026 09:12 PM

सह-मेजबान श्रीलंका को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उन्हें रविवार को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी.

वानिंदु हसरंगा ने चोट के बावजूद आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में अपना स्पेल पूरा किया था. उन्होंने 4 ओवरों में 25 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए थे. श्रीलंका ने इस मुकाबले को 20 रनों से जीता था.
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक हसरंगा पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि सोमवार को हुए एमआरआई स्कैन में उनके बाएं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट का पता चला और उन्हें बाहर करने से पहले यूके में एक स्पेशलिस्ट ने रिपोर्ट देखी.

कौन होगा हसरंगा का रिप्लेसमेंट

इसी रिपोर्ट में कहा गया है कि वनिंदू हसरंगा की जगह टीम में लेग स्पिनर ऑलराउंडर दुशान हेमंथा को शामिल किया जा सकता है. 31 वर्षीय हेमंथा ने श्रीलंका के लिए कुल 8 ही इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें से 5 वनडे और 3 टी20 हैं. 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों में हेमंथा ने 21 रन बनाए हैं और 4 विकेट लिए हैं. 

अब उनके पास बड़े स्टेज में परफॉर्म करने का अच्छा मौका आ सकता है. हेमंथा ने 82 टी20 (लीग, स्टेट समेत) में 895 रन बनाए हैं और 82 विकेट लिए हैं. 

श्रीलंका का शेड्यूल

श्रीलंका क्रिकेट टीम ग्रुप बी में शामिल है. उनका एक ग्रुप मैच हो चुका है, जिसमें टीम ने जीत दर्ज की. टीम का अगला मैच 12 फरवरी को ओमान के खिलाफ पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में है. इसी ग्राउंड पर टीम का अगला मैच 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के साथ है. टीम का ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 19 फरवरी को ज़िम्बाब्वे के खिलाफ आर प्रेमदासा स्टेडियम में है. 

श्रीलंका टीम का स्क्वॉड

दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंदु मेंडिस, कुसल जनिथ परेरा, चरिथ असलांका, जनिथ लियानागे, पवन रत्नानायके, डुनिथ वेलालागे, महेश थीकशाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, ईशान मलिंगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.