मुंबई। फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर करोड़ों रुपये की फिरौती का धमकी भरा मैसेज मिला है। मुंबई पुलिस ने रणवीर के निवास पर सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही धमकी देने वाले अज्ञात शख्स की तलाश की जा रही है।
दादर पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि रणवीर को व्हाट्सएप पर फिरौती की मांग की गई है और नहीं देने पर जान से मारने की भी धमकी दी गई है। दादर पुलिस स्टेशन ने रणवीर के प्रभादेवी स्थित निवास ब्यू मोंडे रेजिडेंशियल टावर के आस पास सुरक्षा बढ़ा दी है।
मुंबई क्राइम ब्रांच और साइबर सेल वॉयस मैैसेज की जांच कर रही हैं और भेजने वाले की पहचान के लिए डिजिटल फुटप्रिंट्स की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी होने का शक है, जिसमें बड़ी रकम मांगी गई है, जो कथित तौर पर करोड़ों में है।