मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आदेश पर पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाने के लिए शुरू की गई 'गैंगस्टरां ते वार' मुहिम के तहत 'ऑपरेशन प्रहार-2' में पंजाब पुलिस ने पिछले 72 घंटों में 8278 ठिकानों पर छापेमारी की।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए 72 घंटे का 'ऑपरेशन प्रहार-2' आरंभ किया। इस अभियान में 12,000 कर्मचारियों के साथ 2,000 से अधिक पुलिस टीमें शामिल थीं, जो विभिन्न जिलों में सक्रिय रहीं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान कुल 7,498 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 3,260 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में 135 फरार अपराधी भी शामिल हैं।
पुलिस ने 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की और 30 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की।
पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' के तहत 347वें दिन 164 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 11.9 किलोग्राम हेरोइन, 344 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 4,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
347 दिनों में कुल 49,129 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
लोग गुप्त रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर- 93946-93946 पर वांछित अपराधियों की सूचना दे सकते हैं।