टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 23वां लीग मैच इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला. मैच में इंग्लैंड ने इतिहास रचते हुए स्कॉटलैंड को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी. यह इस जीत के साथ इंग्लैंड ने बड़े उलटफेर को टाल दिया और पहली बार यूरोपियन टीम को हराया. इंग्लिश टीम को जीत दिलाने में टॉम बैंटन ने 63 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली.
बता दें कि टी20 इंटरनेशनल में यह सिर्फ दूसरा मौका था कि जब इंग्लैंड और स्कॉटलैंड की टीमें आमने-सामने थीं. इससे पहले 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमों की भिड़ंत होनी थी, लेकिन बारिश के कारण मुकाबला रद्द हो गया था. इस तरह इंग्लैंड ने पहली बार स्कॉटलैंड को हराया.
मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बैटिंग के लिए उतरी स्कॉटलैंड की टीम 19.4 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए कप्तान रिची बेरिंगटन ने 49 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. वहीं इस दौरान इंग्लैंड के लिए स्पिनर आदिल रशीद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपनी झोली में डाले.
रन चेज के लिए मैदान पर उतरी इंग्लिश टीम ने 18.2 ओवर में 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली. टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले टॉम बैंटन को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के खिताब से नवाजा गया. इस दौरान स्कॉटलैंड के लिए ब्रैंडन मैकमुलेन, ब्रैड करी, ब्रैड व्हील, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन ने 1-1 विकेट चटकाया.