दुनिया की खबरें: ईरान में भारतीय दूतावास की अपील, 'लैंड बॉर्डर...' और कनाडा में बर्फ की चट्टान टूटने से 23 लोग फंसे
Navjivan Hindi March 10, 2026 01:43 AM

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। हालात को देखते हुए भारत सरकार ने सोमवार को एक बार फिर ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर घरों में रहने की अपील की है।

ईरान में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह देते हुए नए दिशा निर्देश जारी किए। अपना ख्याल रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।

यह एडवाइजरी मुख्य रूप से भारतीयों को ईरान की भूमि सीमाओं से बाहर यात्रा करने से पहले दूतावास से समन्वय करने की सलाह देती है।

भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे ईरान की किसी भी सीमा (लैंड बॉर्डर) पर बिना दूतावास से पूर्व समन्वय के बाहर जाने का प्रयास न करें। एक बार ईरानी क्षेत्र से बाहर निकलने के बाद, दूतावास की ओर से कोई सहायता प्रदान नहीं की जा सकेगी, खासकर यदि तीसरे देश में प्रवेश में समस्या हो।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अनावश्यक यात्रा से बचने, घर के अंदर रहने और स्थानीय समाचारों पर नजर रखने की सलाह देते हुए दूतावास से संपर्क में रहने को कहा गया है।

सीबीएसई का बड़ा फैसला: कतर में 12 मार्च से होने वाली बोर्ड परीक्षाएं स्थगित

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, यानी सीबीएसई, ने कतर में 12 मार्च से आयोजित होने वाली 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक नया सर्कुलर जारी किया है। कतर में भारतीय दूतावास ने बोर्ड के हवाले से खाड़ी के मौजूदा हालात के मद्देनजर दोहा स्थित संबद्ध विद्यालयों में 12 मार्च से 16 मार्च के बीच होने वाली 12वीं बोर्ड परीक्षा को टाल दिया है।

बोर्ड ने कहा है कि नई तारीखें जल्द बताई जाएंगी। बोर्ड 14 मार्च को स्थिति की समीक्षा करेगा और 16 मार्च के बाद होने वाले पर्चों पर निर्णय लेगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आगे के अपडेट के लिए अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक घोषणाओं को ध्यान से फॉलो करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

इससे पहले 7 मार्च को जीसीसी में 12वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा के बारे में एक सर्कुलर जारी किया गया था, जिसमें मध्य पूर्व संकट की चपेट में आए देशों बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई को परीक्षा स्थगित कराने की सूचना दी गई थी।

एडवाइजरी में कहा गया था कि मिडिल ईस्ट (बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई) के कुछ हिस्सों में मौजूदा हालात का गंभीरता से समीक्षा करने के बाद, बोर्ड ने क्लास 12वीं के लिए 9 मार्च 2026 (सोमवार), 10 मार्च 2026 (मंगलवार) और 11 मार्च (बुधवार) को होने वाले एग्जाम को टालने का फैसला किया।

यूएई का दावा: ईरान की 12 बैलिस्टिक मिसाइलें और 17 ड्रोन मार गिराए

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से दागी गई कई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया। मंत्रालय के मुताबिक सोमवार को किए गए हमले में कुल 15 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता चला, जिनमें से 12 को इंटरसेप्ट कर मार गिराया गया, जबकि तीन मिसाइलें समुद्र में गिर गईं और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि मिसाइलों के साथ-साथ ड्रोन के जरिए भी हमला किया गया था। अधिकारियों के अनुसार कुल 18 ड्रोन देखे गए, जिनमें से 17 को वायु रक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया, जबकि एक ड्रोन संयुक्त अरब अमीरात के क्षेत्र में गिर गया। हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना नहीं है।

यूएई का कहना है कि देश की वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सतर्क है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सरकार ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि सुरक्षा एजेंसियां हालात पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।

कनाडा में बर्फ की चट्टान टूटने से फंसे 23 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

कनाडा के दक्षिण-पश्चिमी ओंटारियो स्थित जॉर्जियन बे के तट से बर्फ की चट्टान टूटकर बह जाने के बाद उस पर फंसे 23 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

ओंटारियो प्रांतीय पुलिस के अनुसार बर्फ का बड़ा टुकड़ा तट से अलग होकर एक मील से अधिक दूरी तक बह गया और कई हिस्सों में टूट गया, जिससे कुछ लोग बर्फीले पानी में आंशिक रूप से डूब गए।

ग्रे-ब्रूस इकाई के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रविवार दोपहर कई लोगों के बर्फ पर फंसने की सूचना मिली थी। मदद के लिए पुलिस के विमानन और समुद्री इकाइयों के साथ-साथ जॉर्जियन ट्रायंगल के आसपास स्थित काउंटी के अग्निशमन विभागों के कर्मियों को भी मौके पर भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि ‘कॉबल बीच गोल्फ कोर्स’ ने विमानन इकाइयों और प्राथमिक उपचार व्यवस्था के लिए अपनी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

अधिकारियों के अनुसार दोपहर तक सभी लोगों को सुरक्षित रूप से हेलीकॉप्टर के जरिए तट पर वापस लाया गया। उनमें से कुछ मामूली रूप से जख्मी हो गये।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.