साहिबगंज: जमीन विवाद में महिला की पत्थर से कूचकर हत्या, भाभी और भतीजी गिरफ्तार
Samachar Nama Hindi March 11, 2026 09:42 PM

साहिबगंज, 11 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र स्थित बांझी फुटानी हाट परिसर में बुधवार को एक महिला की हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान बांझी संथाली निवासी लांगरा हांसदा की 40 वर्षीय पुत्री संझली हांसदा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह लंबे समय से चली आ रही आपसी जमीनी विवाद बताया जा रहा है। बताया गया कि सुबह जमीन के एक टुकड़े को लेकर संझली हांसदा का अपनी चचेरी भाभी मंझली मुर्मु और भतीजी तारा हांसदा के साथ विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। आवेश में आकर भाभी और भतीजी ने संझली पर भारी पत्थर से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण संझली की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतका के भाई मनिंदर हांसदा ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना गतिरोध था। पूर्व में भी कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं, जिसके बाद मामला थाने और अंचल कार्यालय तक पहुंचा था।

सूचना मिलते ही बोरियो थाना से एसआई सिद्धार्थशंकर टोप्पो, एएसआई नीलम कुमारी, प्रभाशंकर दुबे और देव नारायण साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही, घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है।

मनिंदर हांसदा की शिकायत पर पुलिस ने चचेरे भाई भोला हांसदा, बिष्णु हांसदा, रायमंड हांसदा सहित भाभी और भतीजी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भाभी मंझली मुर्मू और भतीजी तारा हांसदा को गिरफ्तार कर लिया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएमटी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.