PSL खेलने पर संकट! बांग्लादेश बोर्ड का बड़ा फैसला, अब सरकार तय करेगी खिलाड़ियों का भविष्य
एबीपी लाइव March 21, 2026 01:12 AM

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट में बड़ा मोड़ आ गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान भेजने को लेकर अहम फैसला लिया है. अब बोर्ड ने साफ कर दिया है कि खिलाड़ियों की पीएसएल में भागीदारी पर अंतिम निर्णय सरकार की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा.

NOC मिला, लेकिन अब नई शर्त

दरअसल, बांग्लादेश के छह खिलाड़ियों- मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन इमोन, शोरीफुल इस्लाम, नाहिद राणा, तंजीद हसन तमीम और रिशाद हुसैन को PSL के लिए पहले ही NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) दिया जा चुका है. ये खिलाड़ी अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए चुने गए हैं. 

लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए BCB ने कहा है कि अब बिना सरकारी अनुमति के खिलाड़ियों को पाकिस्तान नहीं भेजा जाएगा.

सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता

BCB के क्रिकेट ऑपरेशंस चेयरमैन नजमुल अबेदिन ने साफ कहा कि इस बार हालात सामान्य नहीं हैं. इसलिए खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार से सलाह ली जाएगी. अगर सरकार यात्रा को सुरक्षित मानती है, तभी खिलाड़ी PSL में हिस्सा लेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड के लिए खुद से स्थिति का आकलन करना आसान नहीं है, इसलिए अंतिम फैसला सरकार के इनपुट के आधार पर ही लिया जाएगा.

न्यूजीलैंड सीरीज पर भी असर

अगर खिलाड़ियों को PSL खेलने की अनुमति मिलती है, तो इसका असर बांग्लादेश की न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज पर भी पड़ सकता है. मार्च के आखिरी हफ्ते से शुरू होने वाली इस सीरीज से पहले प्रेक्टिस कैम्प आयोजित किया जाएगा, जिसमें ये खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले पाएंगे. बांग्लादेश को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने हैं.

आंशिक NOC का फैसला

रिपोर्ट के मुताबिक, BCB ने खिलाड़ियों को आंशिक NOC दिया है ताकि वे PSL और इंटरनेशनल सीरीज दोनों के लिए उपलब्ध रह सकें.

  • मुस्तफिजुर रहमान को 26 मार्च से 12 अप्रैल और फिर 24 अप्रैल से 3 मई तक की अनुमति मिली है.
  • तंजीद, शोरिफुल, राणा और रिशाद को 12 अप्रैल तक NOC दिया गया है.
  • वहीं परवेज हुसैन को 21 अप्रैल तक अनुमति मिली है और वह सिर्फ टी20 सीरीज खेलेंगे.

अंतिम फैसला अभी बाकी

फिलहाल यह मामला पूरी तरह से सरकार के फैसले पर टिका हुआ है. अगर हालात ठीक रहे तो खिलाड़ी PSL में नजर आएंगे, वरना उन्हें राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी निभानी होगी.  

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.