IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स की चिंता बढ़ी, IPL 2026 से बाहर हो सकता है ये विदेशी खिलाड़ी 
एबीपी लाइव March 21, 2026 01:12 AM

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण (IPL 2026) का काउंटडाउन शुरू हो गया है. टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स की चिंता बढ़ गई है, टीम में ट्रेड डील के जरिए आए ऑलराउंडर सैम करन पूरे आईपीएल से बाहर हो सकते हैं. करन ने आखिरी मैच टी20 वर्ल्ड कप में 5 मार्च को खेला था, जो सेमीफाइनल मुकाबला था.

सैम करन आईपीएल में पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले थे, लेकिन आगामी सीजन के लिए ट्रेड डील के जरिए राजस्थान रॉयल्स में आए. टी20 वर्ल्ड कप के दौरान करन को ग्रोइन में समस्या हुई थी. रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी चोट गंभीर रूप ले चुकी है. वह आखिरी बार भारत के खिलाफ खेले थे, जो टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच था. इस मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था.

राजस्थान रॉयल्स के लिए ये बड़ा झटका होगा, क्योंकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें और रविंद्र जडेजा को अपने दल में शामिल करने के लिए ट्रेड डील के जरिए संजू सैमसन जैसे स्टार खिलाड़ी को सीएसके को सौंपा था. 2023 में करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे, पंजाब किंग्स ने उन्हें 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा था. 2024 में भी वह इसी प्राइस पर रहे, लेकिन 2025 से पहले पंजाब ने उन्हें रिलीज कर दिया.

2025 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 2.40 करोड़ रुपये में खरीदा, उनकी ये प्राइस मनी पिछले अनुबंध से 16.1 करोड़ रुपये कम थी. 2.40 करोड़ रुपये में ही राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के लिए सैम करन को अपनी टीम में शामिल किया है. सैम करन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए की थी. राजस्थान रॉयल्स उनकी तीसरी आईपीएल टीम है, जिसमें वह शामिल हुए. हालांकि वह कमर में चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं.

सैम करन का विकल्प

सैम करन के साथ राजस्थान रॉयल्स के स्क्वाड में 3 ऑलराउंडर हैं. अगर चोट के कारण करन पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए तो राजस्थान उनके रिप्लेसमेंट को ढूंढेगी. फिलहाल टीम में रविंद्र जडेजा और युद्धवीर सिंह चरक अन्य ऑलराउंडर हैं. जडेजा भी ट्रेड डील के जरिए ही सीएसके से राजस्थान के स्क्वाड में शामिल हुए हैं. राजस्थान रॉयल्स का आईपीएल 2026 में पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 30 मार्च को है.

Most runs in IPL: IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज, रोहित या विराट कौन नंबर-1, देखें लिस्ट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.