नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे तनावपूर्ण हालातों के बीच आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बात की। पीएम ने उनको ईद और नवरोज़ की बधाई दी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालातों पर चर्चा की। युद्ध की वजह से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट समेत महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों के विषय में भी मोदी और पेजेश्कियन के बीच बातचीत हुई। पीएम मोदी ने आशा जताई कि त्योहारों के समय में पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि आएगी। इसके साथ ही मोदी ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की।
पीएम मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमले क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं और इससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं बाधित हो रही हैं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा पर जोर देते हुए यह सुनिश्चित करने के महत्व को दोहराया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग खुले रहें और यहां से गुजरने वाले जहाज सुरक्षित हों। इसके अलावा भारतीय प्रधानमंत्री ने ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए ईरान के निरंतर समर्थन की सराहना की। बता दें कि इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट के देशों के प्रमुख नेताओं से बात कर युद्ध की वजह से बदलते हालातों पर चर्चा की थी।
बता दें कि ईरान ने भारत के जहाजों को तेल और गैस के कार्गो शिप्स को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी थी। इसे भारत की यह बहुत बड़ी कूटनीतिक सफलता माना जा रहा है क्योंकि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के गुजरने पर रोक लगा रखी है। इससे पहले भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच भी पिछले कुछ दिनों में कई दौर की टेलीफोनिक वार्ता हो चुकी है।
The post PM Narendra Modi Spoke With Iran’s President Dr. Masoud Pezeshkian : पीएम नरेंद्र मोदी ने ईद पर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन को लगाया फोन, पश्चिम एशिया के हालात पर हुई चर्चा appeared first on News Room Post.