IPL 2026 से पहले विस्फोटर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी, SRH के वॉर्म अप मैच में गरजा बल्ला
Sanjeev Kumar March 22, 2026 08:24 AM
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप 2026 के दौरान खराब फॉर्म से गुजर रहे थे। हालांकि उन्होंने फाइनल में अर्धशतकीय पारी खेलकर आलोचकों का मुंह बंद कर दिया था। अभिषेक जल्द ही आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
अभिषेक टीम में उपकप्तान की भूमिका में भी नजर आएंगे। इस बीच अभिषेक शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद के इंट्रा-स्क्वाड मैच में धमाकेदार पारी खेलकर फैंस को फॉर्म में आने के संकेत दे दिए हैं। इस मैच में अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार 94 रन की पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने वॉर्म अप मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ए के लिए खेलेत हुए आक्रमक क्रिकेट खेली और 42 गेंद में ताबड़तोड़ 94 रन बनाए। उन्हें ब्रायडन कार्स ने पवेलियन भेजा। अश्विन ने ट्वीट करके लिखा, ''सनराइजर्स हैदराबाद ए ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए अपने अभ्यास मैच में 240 से अधिक का विशाल स्कोर खड़ा किया है। अभिषेक शर्मा महज कुछ रनों से अपना शतक बनाने से चूक गए, शायद उन्होंने इसे मुख्य टूर्नामेंट के लिए बचा कर रखा है। सलील अरोड़ा ने भी 40 रन की तूफानी पारी खेली। इससे हिंट मिला है कि इस आईपीएल में हम इस तरह के स्कोर बनते देखेंगे, खासकर ऑरेन्ज आर्मी से।''
पच्चीस साल के अभिषेक हाल में शीर्ष क्रम के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। वे अक्सर ज्यादा जोखिम और ज्यादा रन जुटाने (हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड) वाले अंदाज से शानदार शुरुआत दिलाते हैं। हालांकि वह अपनी तेज शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में ज्यादातर नाकाम रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों के लिए अंतरिम कप्तान नियुक्त किया जबकि अभिषेक शर्मा उप कप्तान होंगे। यह फैसला इसलिए किया गया क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट से उबर रहे हैं। कमिंस पीठ के निचले हिस्से में लगी चोट के कारण टीम से बाहर हैं। इसी चोट की वजह से वह पिछली एशेज श्रृंखला के अधिकतर मुकाबलों और टी20 विश्व कप में भी नहीं खेल पाए थे।
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.