AC में सोने से कुछ लोगों का गला बार-बार खराब क्यों होता है? डॉक्टर से जानिए
TV9 Bharatvarsh March 23, 2026 12:42 AM

गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है और इस मौसम में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए AC का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं. AC ठंडक जरूर देता है, लेकिन कई लोगों के लिए यह परेशानी का कारण भी बन जाता है. खासकर रात में AC में सोने के बाद कुछ लोगों को गले में खराश, सूखापन और दर्द की समस्या होने लगती है. कई बार सुबह उठते ही गला बैठा हुआ महसूस होता है या बोलने में तकलीफ होती है.

इसके अलावा खांसी, गले में जलन और बार-बार पानी पीने की जरूरत महसूस होना भी आम लक्षण हैं. छोटे बच्चे, बुजुर्ग, एलर्जी या अस्थमा के मरीज और जिनकी इम्यूनिटी कमजोर होती है, उन्हें इसका खतरा ज्यादा रहता है. अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या बार-बार होने लगती है. ऐसे में आइए जानते हैं कि AC में सोने से कुछ लोगों का गला बार-बार खराब क्यों हो जाता है.

AC में सोने से कुछ लोगों का गला बार-बार खराब क्यों होता है?

लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर एचओडी डॉ. एल.एच. घोटेकर बताते हैं कि AC में सोने के दौरान कमरे की हवा ठंडी और सूखी हो जाती है, जिससे गले की नमी प्रभावित होती है. जब लंबे समय तक ठंडी हवा सीधे शरीर और गले पर पड़ती है, तो गले की सतह सूखने लगती है और जलन महसूस होती है. इसके अलावा, AC के फिल्टर में जमा धूल, बैक्टीरिया और एलर्जेंस भी हवा के साथ फैल सकते हैं, जो गले में इंफेक्शन या एलर्जी का कारण बनते हैं.

तापमान में अचानक बदलाव, जैसे गर्म माहौल से सीधे ठंडे कमरे में जाना भी गले पर असर डालता है. जिन लोगों को पहले से सर्दी-जुकाम या एलर्जी की समस्या होती है, उनमें यह दिक्कत ज्यादा देखने को मिलती है. यही कारण है कि कुछ लोगों को AC में सोने के बाद बार-बार गला खराब होने की समस्या होती है.

क्या करें?

अगर AC में सोने से गला बार-बार खराब होता है, तो कुछ सावधानियां अपनाना जरूरी है. सबसे पहले AC का तापमान बहुत कम न रखें, इसे 24 से 26 डिग्री के बीच बनाए रखें. सोते समय ठंडी हवा सीधे चेहरे या गले पर न आए, इसके लिए AC का फ्लो ऊपर की ओर रखें. कमरे में नमी बनाए रखने के लिए ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल कर सकते हैं.

दिनभर पर्याप्त पानी पिएं ताकि शरीर हाइड्रेट रहे. सोने से पहले गुनगुना पानी पीना और हल्का नमक वाले पानी से गरारे करना भी फायदेमंद होता है. AC के फिल्टर को समय-समय पर साफ करना भी जरूरी है, ताकि धूल और बैक्टीरिया जमा न हो सकें.

ये भी जानें

गले को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ AC का ध्यान रखना ही नहीं, बल्कि अपनी दिनचर्या में भी सुधार जरूरी है. बहुत ठंडी चीजें जैसे आइसक्रीम या ठंडे ड्रिंक्स का ज्यादा सेवन करने से बचें. इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए संतुलित डाइट लें, जिसमें फल और हरी सब्जियां शामिल हों.

नियमित रूप से एक्सरसाइज करें और पर्याप्त नींद लें. अगर गले की समस्या बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें. सही समय पर इलाज और सावधानी बरतने से इस समस्या से आसानी से बचा जा सकता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.