डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने पर बनने वाले एक खास सोने के सिक्के पर नजर आ सकते हैं. इस खबर के बाद अमेरिका में बहस शुरू हो गई है, क्योंकि नियम कहते हैं कि किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर आम मुद्रा पर नहीं लगाई जा सकती. यह 24 कैरेट गोल्ड कॉइन होगा, जिसमें ट्रंप को व्हाइट हाउस के मशहूर रिजॉल्यूट डेस्क के पास खड़े दिखाया जाएगा. अगर यह सिक्का जारी होता है, तो यह दूसरी बार होगा जब किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर किसी सिक्के पर होगी.
इससे पहले कैल्विन कूलिज 1926 में एक स्मारक सिक्के पर दिखे थे, जिसमें जॉर्ज वॉशिंगटन भी शामिल थे. वह सिक्का अमेरिका की आजादी के 150 साल पूरे होने पर बनाया गया था. 19 मार्च को यूएस कमीशन ऑन फाइन आर्ट्स ने इस सिक्के के डिजाइन को मंजूरी दे दी है. हालांकि अभी सिक्के का साइज और बाकी तकनीकी बातें तय होनी बाकी हैं. इसके बाद ही इसे बनाया जाएगा.
JUST IN: Trumps handpicked Commission of Fine Arts approved a general design for a 24k gold commemorative coin for the U.S. 250th anniversary featuring Trumps image.
I motion to approve this as presented, and with the strong encouragement that you make it as large as pic.twitter.com/sa49ZmKt5I
— Republicans against Trump (@RpsAgainstTrump)
कैसे कानून को बायपास किया?
अमेरिकी कानून के मुताबिक, किसी भी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर आम चलन वाली करेंसी पर नहीं हो सकती. लेकिन अधिकारियों का कहना है कि यह एक कमेमोरेटिव कॉइन यानी यादगार सिक्का है, जो रोज इस्तेमाल होने वाली मुद्रा से अलग होता है. इसलिए इसे बनाने का अंतिम फैसला ट्रेजरी सेक्रेटरी ले सकता है. ब्रैंडन बीच ने कहा कि यह सिक्का देश की 250वीं सालगिरह का प्रतीक होगा.
डेमोक्रेट नेताओं ने विरोध किया
कई डेमोक्रेट नेताओं ने इसका विरोध किया है. जेफ मर्कली ने कहा कि लोकतंत्र में नेताओं की तस्वीर सिक्कों पर नहीं होती, यह काम राजा या तानाशाह करते हैं. उन्होंने इसे देश की परंपराओं के खिलाफ बताया. यह सिक्का अमेरिका की 250वीं सालगिरह के मौके पर जारी होने वाले कई खास सिक्कों का हिस्सा होगा.
यूनाइटेड स्टेट्स मिंट ने बताया कि 2026 में कुछ सिक्को, जैसे डाइम, क्वार्टर और हाफ डॉलर में एक साल के लिए खास बदलाव किए जाएंगे. इन पर 17762026 लिखा होगा और खास डिजाइन होंगे. आलोचकों का कहना है कि ट्रंप पहले भी कई जगहों पर अपना नाम जोड़ चुके हैं, जैसे केनेडी सेंटर और कुछ सरकारी इमारतें. उन्होंने व्हाइट हाउस में भी बड़े बदलाव के प्रस्ताव दिए हैं.