करण जौहर ने क्लिकबेट हेडलाइंस पर उठाई आवाज, कहा- सही संदर्भ में पेश करें बातें!
Stressbuster Hindi March 23, 2026 09:43 PM
करण जौहर की अपील



मुंबई, 23 मार्च। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और निर्माता करण जौहर अक्सर अपने बयानों और फैशन के लिए चर्चा में रहते हैं। हाल ही में, एक पॉडकास्ट में दिए गए उनके बयान के बाद, उन्होंने क्लिकबेट हेडलाइंस के बढ़ते चलन के खिलाफ एक महत्वपूर्ण अपील की।


करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, "मैं क्लिकबेट हेडलाइंस के बारे में कुछ विनम्रता से कहना चाहता हूं। हम सभी इंटरव्यू और पॉडकास्ट में अपनी बातें साझा करते हैं। जब किसी इंटरव्यू की एक लाइन को उसके असली संदर्भ से हटा दिया जाता है, तो वह केवल क्लिकबेट बनकर रह जाती है। इससे हमें आगे बोलने में संकोच होता है।"


उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि बयानों को तोड़-मरोड़कर सनसनीखेज़ बनाने के बजाय उन्हें ईमानदारी से पेश किया जाना चाहिए।


करण ने लिखा, "मेरी आपसे विनम्र अनुरोध है कि किसी भी बात को उसके सही संदर्भ में ही प्रस्तुत करें। कृपया ऐसे शब्दों का इस्तेमाल न करें, जो किसी बयान को गलत, व्यक्तिगत, आपत्तिजनक या सनसनीखेज बना दें।"


हाल ही में, करण ने एक पॉडकास्ट में एक्टर्स के एजेंसी छोड़ने के विषय पर खुलकर चर्चा की थी। उन्होंने कहा, "कुछ कलाकार आते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं, क्योंकि इंडस्ट्री में तीन बड़ी एजेंसियां हैं, इसलिए उनके बीच आना-जाना चलता रहता है।"


करण ने आगे कहा, "जिस किसी ने भी हमारी एजेंसी छोड़ी है, मैं हमेशा उनके लिए अच्छा ही चाहूंगा और उनके साथ काम भी करूंगा। कई बार ऐसा हुआ है कि उन्होंने हमारी एजेंसी छोड़ दी है लेकिन मैं फिर भी उनके साथ काम करता रहता हूं।"


हालांकि, करण के इस बयान को जाह्नवी कपूर से जोड़ा जा रहा है, क्योंकि अभिनेत्री ने लंबे समय से उनके साथ कोई फिल्म नहीं की है। जाह्नवी ने अपने करियर की शुरुआत करण की फिल्म धड़क से की थी।


अभिनेत्री जल्द ही साउथ एक्टर रामचरण के साथ फिल्म ‘पेद्दी’ में नजर आएंगी। पिछले साल वह फिल्म ‘परम सुंदरी’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में भी दिखाई दी थीं।


© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.