आईपीएल 2026 में कई युवा और कई नए खिलाड़ियों का करियर शुरू होने जा रहा है. अंडर-19 क्रिकेट से आने वाले खिलाड़ी हों या फिर पहली बार इस लीग में एंट्री करने वाले अनुभवी विदेशी खिलाड़ी, आईपीएल 2026 कई नए चेहरों के लिए एक शुरुआत साबित होगा. मगर इनके अलावा कुछ खिलाड़ियों के करियर का ये आखिरी सीजन भी हो सकता है और इसमें सबसे बड़ा नाम है एमएस धोनी, जिनको लेकर चर्चाएं खत्म नहीं होतीं. मगर सिर्फ धोनी ही नहीं, उनके अलावा भी कुछ दिग्गज हैं, जिनके लिए ये सीजन आखिरी साबित हो सकता है.
एमएस धोनीआईपीएल इतिहास के सबसे बड़े और सफल सितारे एमएस धोनी करीब 45 साल के होने वाले हैं और लगातार 19वां सीजन खेल रहे हैं. इस टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा 278 मैच खेल चुके धोनी के करियर को लेकर पिछले 2-3 सीजन से अटकलें चल ही रही हैं. मगर इस बार उनका ये आखिरी सीजन साबित हो सकता है क्योंकि CSK में जिस बदलाव की उम्मीद के साथ वो जमे हुए थे, ऋतुराज गायकवाड़ के कप्तान बनने और संजू सैमसन के आने के साथ वो पूरा हो गया है.
मिचेल स्टार्कऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के लिए भी ये सीजन आखिरी हो सकता है. तीनों फॉर्मेट में लगातार सक्रिय रहे स्टार्क ने पहले ही टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है. ऐसे में इस लीग में भी वो ज्यादा वक्त रहेंगे, इसकी संभावना कम है. खास तौर पर अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए वो उसके लिए खुद को तरोताजा रखने और फिट रखने के लिए इस लीग से अलग हो सकते हैं. ऐसे में 36 साल के पेसर का ये आखिरी सीजन हो सकता है.
इशांत शर्माभारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज इशांत शर्मा भी इस लीग में अपना आखिरी सीजन खेल सकते हैं. 37 साल के इशांत इस लीग के पहले सीजन से खेल रहे हैं और सिर्फ 3 सीजन को छोड़कर हमेशा सक्रिय रहे हैं. मगर पिछले 5 सीजन में वो एक बार भी 10 मैच नहीं खेल सके और इस साल भी ऐसा होने की संभावना है. ऐसे में गुजरात टाइटंस के साथ ही उनके आईपीएल करियर का भी इस साल अंत हो सकता है.
मनीष पांडेIPL में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज मनीष पांडे पिछले 4-5 सालों में उतने असरदार नहीं रहे, जितना वो करियर की शुरुआत में थे. यही कारण है कि 2021 से अब तक पिछले 5 सीजन में उन्होंने सिर्फ 28 मैच खेले हैं और इस दौरान 4 अलग-अलग टीमों का हिस्सा रहे हैं. फिलहाल 36 साल के मनीष पांडे KKR में हैं, जहां उन्होंने 2014 और फिर 2024 में खिताब जीता था और ऐसा लगता है कि यहीं उनका करियर पूरा हो सकता है.
सुनील नरेनमनीष पांडे के साथ ही KKR के दिग्गज ऑलराउंडर सुनील नरेन के लिए भी ये आखिरी सीजन हो सकता है. 37 साल के हो चुके नरेन को पिछले सीजन के बाद भी रिलीज किए जाने की चर्चाएं चल रही थीं लेकिन तब सिर्फ आंद्रे रसेल को छोड़ा गया था. ऐसे में अगर इस सीजन में बैट और गेंद से उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं होता है तो ये आकिरी सीजन हो सकता है. इस सीजन में वैसे भी उन्हें गेंद से ज्यादा कमाल दिखाना होगा क्योंकि फिन ऐलन और टिम साइफर्ट के आने से उनके ओपनिंग या टॉप ऑर्डर में खेलने की संभावनाएं खत्म हो गई हैं.