आम के मौसम में जरूर बनाएं चिया-गोंद कतीरा मैंगो पुडिंग, स्वाद के साथ सेहत
TV9 Bharatvarsh March 25, 2026 01:42 AM

चिलचिलाती गर्मी में अगर ठंडा-ठंडा क्रीमी और रिफ्रेशिंग डेजर्ट खाने को मिल जाए तो इससे अच्छी ट्रीट और क्या ही हो सकती है. वहीं अगर ये आम की मिठास से भरा हो तो सोने पर सुहागा है. तो चलिए देख लेते हैं मैंगो, गोंद कतीरा और चिया सीड्स की पुडिंग की रेसिपी जो स्वाद के साथ ही पोषण से भी भरपूर है और इसमें शुगर का यूज भी नहीं किया गया है, इसलिए आप इसे बिना गिल्ट के खा सकते हैं. इस पुडिंग की रेसिपी बताई है शेफ अरुणा विजय ने जो मास्टर शेफ 2023 की टॉप 4 फाइनलिस्ट में से एक रही हैं.

इस मैंगो पुडिंग में जो भी इनग्रेडिएंट्स यूज किए गए हैं वो सब पोषक तत्वों से भरपूर हैं. आम में विटामिन सी से लेकर कई और न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं तो वहीं गोंद कतीरा गर्मी में लू से बचाव करता है साथ ही ये कैल्शियम का बेहतरीन सोर्स है. इसी तरह सी चिया सीड्स फाइबर से भरपूर होते हैं और इनकी तासीर भी ठंडी होती है. तो चलिए जान लेते हैं रेसिपी.

इन्ग्रेडिएन्ट्स करें नोट

आपको चाहिए गोंद कतीरा 1 बड़ा चम्मच, पानी 1 कप (गोंद कतीरा भिगोने के लिए), चिया सीड्स 1 बड़ा चम्मच, पानी ¼ कप (चिया सीड्स भिगोने के लिए). इन दोनों ही चीजों को आप 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दें या फिर ओवरनाइट के लिए छोड़ दें.

प्यूरी के लिए इनग्रेडिएंट्स

पका हुआ आम 1, कटा हुआ, दूध ½ कप, मिठास के लिए शहद 1 छोटा चम्मच

टॉपिंग करें नोट

पुडिंग की टॉपिंग के लिए कटा हुआ आम, मिक्स्ड नट्स, मूसली, पंपकिन सीड्स और कटे हुए केले.

मैंगो चिया सीड्स-गोंद कतीरा पुडिंग कैसे बनाएं ये रेसिपी करें फॉलो
  • गोंद कतीरा को तब तक भिगोना है जब तक कि यह फूल कर जेली जैसा न बन जाए. ये फूलने के बाद दोगुना हो जाता है.
  • इसी तरह से चिया सीड्स भी फूलने के बाद जेली जैसे हो जाते हैं और मात्रा में कम से कम डेढ़ गुना हो लगते हैं.
  • तीसरा स्टेप है कि आप कटे हुए आम, दूध और शहद को मिलाकर ग्राइंडर में डाल दें और फिर पीसकर स्मूद पेस्ट बना लें.
  • अब एक बाउल में तैयार किया गया आम का पेस्ट, भिगोया हुआ गोंद कतीरा और चिया सीड्स डालकर हल्के हाथों से मिला लें.
  • अब आपको ऊपर से टॉपिंग एड करनी है यानी आम के टुकड़े, केले के स्लाइस, मूसली, मेवे और कद्दू के बीज एड करें.
  • अगर इस पुडिंग में आपको और भी ज्यादा फ्रेशनेस चाहिए तो आधे से एक घंटे के लिए आप फ्रिज में ठंडा करके रख दें और फिर सर्व करें.

View this post on Instagram

A post shared by Aruna Vijay (@aruna_vijay_masterchef)

प्रो टिप्स भी करें फॉलो

अगर आपको पुडिंग ज्यादा थिक यानी गाढ़ी लग रही हो तो इसमें आप थोड़ा सा दूध मिला सकते हैं. वैसे तो आम की अपनी अलग मिठास होती है, लेकिन थोड़ा सा शहद इसे इंप्रूव करता है आप चाहे तो शहद की जगह गुड़ या फिर खजूर का यूज कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: गर्मियों के खाने में लगेगा स्वाद का एक्स्ट्रा तड़का, ये रिफ्रेशिंग टेस्ट वाली 5 चटनियां बनाकर खाएं

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.