IPL 2026: मेरे आने के बाद 2-0 हुआ, इस बार 4-0 होगा… वैभव सूर्यवंशी ने धोनी की टीम को किया चैलेंज
TV9 Bharatvarsh March 25, 2026 02:43 PM

IPL 2026 का आगाज 28 मार्च को RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले से होना है. लेकिन, लीग के 19वें सीजन में वैभव सूर्यवंशी और उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स अपना पहला मैच 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी. ये मुकाबला गुवाहाटी में होगा, जो कि राजस्थान की टीम का ही दूसरा होम ग्राउंड है. बड़ी बात ये है कि वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले से पहले धोनी की टीम CSK को ओपन चैलेंज किया है. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को फिर से हराने की बात कही है. वैभव सूर्यवंशी के इस बोल ने अब IPL 2026 में RR vs CSK मुकाबले को लेकर रोमांच पैदा कर दिया है.

वैभव सूर्यवंशी ने CSK को किया चैलेंज

अब सवाल है कि वैभव सूर्यवंशी ने धोनी की टीम को चैलेंज कब, कहां और कैसे किया? हुआ ये कि NAMAN अवॉर्ड के दौरान हुए स्टार स्पोर्ट्स के एक प्रोग्राम में IPL में राजस्थान रॉयल्स से खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी और चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलने वाले आयुष म्हात्रे साथ-साथ आए. उसी दौरान वैभव सूर्यवंशी ने धोनी की IPL टीम के खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को चैलेंज कर दिया. U19 क्रिकेट में साथ खेलने वाले इन दोनों खिलाड़ियों ने पिछले सीजन ही IPL डेब्यू किया था.

इस बार 4-0 होगा- वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी ने आयुष म्हात्रे से कहा कि राजस्थान रॉयल्स में मेरे आने के बाद 2 बार हारी न CSK, इस बार 4-0 होगा. सूर्यवंशी की बातों का सीधा मतलब ये था कि जैसे IPL 2025 में CSK को RR से हुई दोनों भिड़ंत में हार का सामना करना पड़ा था, वैसे ही इस बार भी होने वाले दोनों मुकाबलों में CSK को हराएंगे. IPL के ग्रुप स्टेज पर हर टीम एक दूसरे से दो-दो बार भिड़ती है.

IPL 2025 में RR vs CSK के बीच क्या हुआ था?

IPL 2025 में RR और CSK के बीच पहली टक्कर 30 मार्च को हुई थी, जिसमें राजस्थान ने चेन्नई को 6 रन से हराया था. वैभव सूर्यवंशी हालांकि उस मुकाबले में नहीं खेले थे मगर वो राजस्थान की टीम का हिस्सा थे. इसके बाद दूसरी भिड़ंत IPL 2025 में RR और CSK के बीच 20 मई को हुई थी, जिसमें राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराया था. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों में 57 रन ठोके थे, जिसमें 4 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे थे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.