मुंबई, 25 मार्च। हरियाणा के पावरलिफ्टर और कई रियलिटी शो में भाग ले चुके रजत दलाल ने हाल ही में 'द 50' शो में अपने अनुभव साझा किए। इस शो की ट्रॉफी शिव ठाकरे ने जीती।
शो के समाप्त होने के बाद, रजत ने बताया कि वह शो के दौरान या उसके बाहर किसी भी विवाद का हिस्सा नहीं बने।
शिव ठाकरे को बधाई देते हुए रजत ने कहा, "बधाई हो, लेकिन अगर फैजू जीतते तो मुझे ज्यादा खुशी होती। लेकिन जो भाग्य में लिखा होता है, वही होता है।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरा अनुभव शानदार रहा, और मुझे विश्वास है कि सालों बाद भी शो की कुछ बातें हंसने पर मजबूर करेंगी। मुझे गर्व है कि मैंने अपना खेल अच्छे से खेला।"
रजत ने बेवजह लड़ाई के आरोपों पर कहा कि वह शो में किसी भी तरह की बेवजह लड़ाई का हिस्सा नहीं रहे। हर किसी का खेलने का अपना तरीका होता है।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे इससे पहले कभी फर्क नहीं पड़ा और न ही आगे पड़ेगा। मैं हमेशा सकारात्मकता की ओर देखता हूं।" महिलाओं के प्रति असम्मान के आरोपों पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ।
हाल ही में, प्रिंस नरुला ने रजत पर निशाना साधा था और उनके कर्मों का फल मिलने की बात कही थी।