रोटी बना रही थी महिला अचानक इंडक्शन में हुआ तगड़ा धमाका, एक गलती और चूर-चूर हुआ बिजली वाला चूल्हा
TV9 Bharatvarsh March 26, 2026 03:43 AM

भारत में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी एक बड़ी समस्या बनती जा रही है. इस स्थिति के कारण लोगों को खाना बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों की ओर रुख करना पड़ रहा है. खासकर शहरी इलाकों में बड़ी संख्या में लोग इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल करने लगे हैं. बाजार में भी इंडक्शन कुकटॉप्स की मांग तेजी से बढ़ी है, जिसके चलते अलग-अलग कीमत और गुणवत्ता के कई विकल्प उपलब्ध हो गए हैं.

हालांकि, कम कीमत के चक्कर में कई लोग सस्ते इंडक्शन खरीद रहे हैं, जो बाद में उनके लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें इंडक्शन चूल्हों में अचानक विस्फोट होते देखा गया है. इन घटनाओं ने लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है.

क्या दिखा इस वीडियो में?

इसी तरह का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर काफी वायरल हुआ. इस वीडियो में एक परिवार अपने घर में इंडक्शन चूल्हे पर खाना बना रहा था. महिला तवे पर रोटी सेंक रही थी और उसका छोटा बच्चा पास ही बैठा हुआ था. उसी समय उसका पति बेटे का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ इंडक्शन चूल्हा फट गया. इस विस्फोट से चूल्हे का कांच बुरी तरह टूटकर चारों ओर फैल गया, जिससे किचन में अफरा-तफरी मच गई.

गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई. महिला और उसका बच्चा दोनों सुरक्षित बच गए, लेकिन घटना ने परिवार को हिला कर रख दिया. यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. इसे देखने के बाद कई अन्य लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिनमें उन्होंने बताया कि उनके साथ भी इंडक्शन चूल्हे से जुड़े ऐसे ही हादसे हो चुके हैं.

ऐसी ही एक घटना मध्यप्रदेश की एक गृहिणी, हेमा जाट के साथ भी घटी. गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण वह पिछले कुछ दिनों से इंडक्शन चूल्हे पर ही खाना बना रही थीं. रोज की तरह वह अपने बच्चों के लिए खाना तैयार कर रही थीं, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ. आवाज इतनी तेज थी कि पूरा किचन हिल गया. इंडक्शन का ग्लास टॉप पूरी तरह टूटकर बिखर गया.

यह भी पढ़ें: OMG! 100 बार वॉशरूम जाता था ये बंदा, डॉक्टर को दिखाया तो निकली ये बीमारी, सुनते ही लगा धक्का

इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सस्ते इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल सुरक्षित है. विशेषज्ञों का मानना है कि कम गुणवत्ता वाले उत्पादों में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जाता, जिससे ऐसे हादसे होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए कस्टमर को सलाह दी जाती है कि वे केवल भरोसेमंद ब्रांड्स के ही इंडक्शन चूल्हे खरीदें और उनका उपयोग करते समय सावधानी बरतें.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Sameer Nagma (@halfstar07_) द्वारा साझा की गई पोस्ट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.