अमेरिका-ईरान-चीन सब पीछे, मिसाइल बनाने में इस देश की बादशाहत आज भी कायम
TV9 Bharatvarsh March 26, 2026 11:42 AM

ईरान और अमेरिका-इजराइल की जंग में मिसाइलें तबाही मचा रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान ने जंग में 4 हजार किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली मिसाइल का इस्तेमाल किया है. आमतौर पर मिसाइल और हथियारों को बेचने के लिए अमेरिका का नाम सामने आता है, लेकिन मिसाइलों को बनाने में सबसे आगे रूस है. रूस दुनिया का सबसे बड़ा मिसाइल निर्माता देश है.

मिसाइल तकनीक और उत्पादन में भारत का सहयोगी रूस सबसे ऊपर है. रूस के पास सबसे बड़ा अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) बेड़ा और सबसे हाइटेक हाइपरसोनिक तकनीक है.

परमाणु हथियारों के मामले में भी रूस सबसे आगे है. रूस के पास परमाणु हथियार ले जाने वालीं 5,500 से अधिक मिसाइलें हैं. इस देश के मिसाइल भंडार में परमाणु मिसाइलें, क्रूज मिसाइलें और सामरिक युद्धक्षेत्र प्रणालियां शामिल हैं.

रूस के पास कितनी ताकतवर मिसाइल?

1- सरमत: यह एक से दूसरे द्वीप पर मार करती है. इससे समझा जा सकता है कि यह कितनी खतरनाक है. इस खास मिसाइल को साटन-2 के नाम से भी जाना जाता है. खास बात है कि यह कम समय में मार करने में सक्षम है. मिसाइल डिफेंस सिस्टम से भी इसे रोकना मुश्किल है.

2-क्रूज मिसाइल: इसकी रेंज सार्वजनिक नहीं है, लेकिन इसे खास तरह की रणनीतिक मिसाइल कहा जाता है. मिसाइल डिफेंस सिस्टम से इसे रोकना मुश्किल है. पुतिन दावा कर चुके हैं कि यह असीमित दूरी तक मार कर सकती है.

3- पानी के अंदर निशाना लगाने वाली: इस खास मिसाइल का नाम रूस ने अब तक तय नहीं किया है लेकिन इसे पानी में निशाना लगाने के लिए बनाया गया है.

4- हाइपरसोनिक मिसाइल: रूसी राष्ट्रपति ने इसे किंझल नाम दिया है. यह हवा में लॉन्च की जा सकती है. इसकी तेज गति के कारण इसे भेद पाना मुश्किल है. यह दो हजार से अधिक किलोमीटर की दूरी तक निशाना बना सकती है.

5- एवनगार्ड: यह मिसाइल नई तरह का हथियार है. इसका परीक्षण सफल रहा है और यह 25 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक द्वीप से दूसरे द्वीप तक मार कर सकती है.

रूसी मिसाइल.

रूस के बाद कौन?

सबसे ज्यादा मिसाइल बनाने में रूस के बाद अमेरिका दूसरे नम्बर पर है. अमेरिका दुनिया की सबसे एडवांस मिसाइलों का निर्माता है. अमेरिका के पास पेट्रियॉट मिसाइल सिस्टम, टॉमाहॉक क्रूज मिसाइल और मिनटमैन-III ICBM जैसे ताकतवर हथियार हैं. अमेरिका के पास करीब 3 हजार मिसाइल हैं. इसमें बड़ी संख्या में क्रूज मिसाइल, बैलिस्टिक मिसाइल और विमान से दागे जाने वाले हथियार हैं. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका के पास मिसाइलों की संख्या में बढ़कर 5 हजार पहुंच सकती है.

चीन किस पायदान पर?

रूस और अमेरिका के बाद चीन तीसरे पायदान पर है. यह डीएफ-21 मिसाइल, डीएफ-26 मिसाइल और डीएफ-17 हाइपरसोनिक मिसाइल जैसे सिस्टम बनाता है. यही वजह है कि चीन उन देशों में है जिसके बाद दुनिया के सबसे बड़े मिसाइल भंडार हैं.

भारत की अग्नि मिसाइल.

भारत, फ्रांस, ईरान और उत्तर कोरिया जैसे देश अलग-अलग मारक क्षमता वाली हजारों मिसाइलों के मामले में टाॅप 10 देशों में शामिल हैं. भारत के प्रमुख मिसाइल सिस्टम में अग्नि मिसाइल, ब्रह्मोस मिसाइल और आकाश मिसाइल सिस्टम शामिल हैं. फ्रांस मेटियोर मिसाइल, स्कैल्प मिसाइल और एम51 मिसाइल जैसे हाइटेक सिस्टम बनाता है.

यह भी पढ़ें: समंदर की मैपिंग… क्या अमेरिका से अंडरवॉटर जंग की तैयारी में चीन?

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.