भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने साल 2026 के लिए अपने दो महीने के समर इंटर्नशिप प्रोग्राम की घोषणा कर दी है. इस प्रोग्राम के तहत छात्रों को देशभर में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर काम करने का मौका मिलेगा. योग्य और इच्छुक छात्र एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट internshipsatnhai.digitalindiacorporation.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की आखिरी डेट 15 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है. ये इंटर्नशिप योजना 4 मई से 5 जुलाई 2026 तक चलेगी, जिसमें इस बार कई टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल क्षेत्रों को शामिल किया गया है.
टेक्निकल विषयों में सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन और डेटा साइंस/AI जैसे क्षेत्र शामिल हैं, जबकि नॉन-टेक्निकल स्ट्रीम में लॉ (BA LLB), कॉमर्स, साइंस, एमबीए (HR, फाइनेंस, मार्केटिंग), मास कम्युनिकेशन और लाइब्रेरी साइंस के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं. चयनित छात्रों को NHAI के हेडक्वार्टर और क्षेत्रीय कार्यालयों में काम करने का मौका मिलेगा, जहां वो अनुभवी विशेषज्ञों के साथ मिलकर प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे. इससे उन्हें देश के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को करीब से समझने का मौका मिलेगा.
हर महीने कितना मिलेगा स्टाइपेंड?इस इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को हर महीने 20 हजार रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा और इंटर्नशिप पूरा होने पर सर्टिफिकेट भी मिलेगा. इस इंटर्नशिप के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं, जो NIRF रैंकिंग वाले कॉलेज, लॉ यूनिवर्सिटीज और टॉप मैनेजमेंट संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं. शुरुआती स्टेज पर आवेदन करने वाले सभी कैंडिडेट्स के आवेदनों को संबंधित संस्थान द्वारा वैरिफाई और मंजूर किया जाएगा, तभी उन्हें चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.
NHAI Summer Internship 2026 Apply Direct Link
कैसे होगा कैंडिडेट्स का चयन?इस समर इंटर्नशिप के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे, जिसमें छात्रों को अपनी शैक्षणिक डिटेल्स, पर्सनल डिटेल्स और पसंदीदा प्रोजेक्ट लोकेशन भरनी होगी. अंतिम चयन और प्रोजेक्ट अलॉटमेंट NHAI द्वारा उपलब्धता और छात्रों की पसंद के आधार पर किया जाएगा. इससे पहले शुरू हुए विंटर और लॉन्ग-टर्म इंटर्नशिप प्रोग्राम में भी छात्रों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली थी. अब इस समर इंटर्नशिप के जरिए NHAI का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ना और उन्हें देश के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के लिए तैयार करना है.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में मेडिकल ऑफिसर बनने का मौका, 297 पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें आवेदन