- मुख्यमंत्री योगी ने 9 दुर्गा स्वरूपा कन्याओं का विधि विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी
- कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंचे बटुकों को भी श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी
- कन्या पूजन से मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना हुई
Chief Minister Yogi Adityanath : मातृशक्ति के प्रति असीम श्रद्धाभाव से उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने वाले मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने वासंतिक (चैत्र) नवरात्रि की नवमी तिथि पर शुक्रवार को गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार कन्या पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र में आयोजित कन्या पूजन अनुष्ठान में मुख्यमंत्री योगी ने 9 दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे, उनका विधि-विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और दक्षिणा, उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया।
ALSO READ: CM योगी ने 'जनता दर्शन' में सुनीं लोगों की समस्याएं, बोले- गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, पुलिस करे सख्त कार्रवाई
कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंचे बटुकों को भी श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में भोजन प्रसाद की कोई कमी न रहे। इसे लेकर वह मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को निर्देशित करते रहे।प्रभु श्री राम के पावन जन्मोत्सव श्री रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रभु श्री राम भारतीय चेतना के वे आदर्श हैं, जिनमें करुणा और कर्तव्य का अद्भुत संतुलन है। उनका जीवन स्मरण कराता है कि शक्ति का सौंदर्य मर्यादा में है और विजय का अर्थ लोकमंगल में।
ALSO READ: आंखें बंद करिए, आपके लिए गिफ्ट लाई हूं... CM योगी भी हंसे बिना नहीं रह सके
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी का यह पावन दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम अपने आचरण में सत्य, व्यवहार में करुणा और समाज में समरसता को स्थान दें, यही 'रामत्व' का सच्चा उत्सव है। प्रभु श्री राम की कृपा से आप सभी के जीवन में शांति, संतुलन और सद्भाव बना रहे, यही मंगलकामना है।
Edited By : Chetan Gour