'कर्ज, कलह और अंधेरे का दर्द'… गुना में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, जिंदगी से जंग लड़ रही मासूम बेटी
TV9 Bharatvarsh March 28, 2026 02:42 AM

मध्य प्रदेश के गुना शहर के नानाखेड़ी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 26 वर्षीय नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली. वहीं, उसकी 10 महीने की मासूम बच्ची जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है. घटना से इलाके में गम का माहौल है. मृतका के परिजन ने मामले में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. साथ ही उचित कार्रवाई की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, नानाखेड़ी निवासी कीर्ति कुशवाह की शादी नीतीश से हुई थी. शुरुआती समय में सब सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे पारिवारिक विवाद बढ़ने लगे. बताया जा रहा है कि करीब एक लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था, जिसके चलते घर की बिजली काट दी गई थी. इसी बात को लेकर घर में अक्सर तनाव और झगड़े होते थे. शुक्रवार सुबह कीर्ति ने अपनी जेठानी के साथ पूजा-अर्चना की. इसके बाद वह अपनी मासूम बेटी को खाना खिला रही थी.

बेसुध मिली 10 महीने की बच्ची

कुछ देर बाद जेठानी मंदिर चली गई. इसी बीच, घर के अंदर जो हुआ उसने पूरे इलाके को हिला दिया. कुछ समय बाद जब जेठानी लौटी, तो कीर्ति घर में फंदे पर लटकी हुई मिली, जबकि उसकी 10 महीने की बच्ची बेसुध हालत में जमीन पर पड़ी थी. तुरंत पड़ोसियों की मदद से महिला को नीचे उतारा गया और बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि मासूम बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.

पुलिस ने मामले की जांच में जुटी

घटना के बाद अस्पताल में ससुराल और मायके पक्ष आमने-सामने आ गए. ससुराल पक्ष का कहना है कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे और यह कदम महिला ने अकेले में उठाया. वहीं, मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कीर्ति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. घटना के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है.

(रिपोर्ट- प्रमोद पंत/गुना)

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.