IPL 2026: धोनी के फैंस को बड़ा झटका, 3 नहीं बल्कि इतने मैचों तक रहेंगे बाहर
Sanjeev Kumar March 29, 2026 08:24 PM

IPL 2026, MS Dhoni: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को एक बड़ा झटका लगा. टीम के आइकन और पूर्व कप्तान एमएस धोनी पिंडली की चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों से बाहर हो गए हैं. फ्रैंचाइजी के आधिकारिक बयान के मुताबिक, धोनी रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और पहले दो हफ्तों तक मैदान पर नहीं उतर पाएंगे. इस हिसाब से एमएस धोनी कम से कम 3 मुकाबले नहीं खेल पाएंगे. लेकिन धोनी की चोट पर अब एक और अपडेट सामने आया है, जिससे उनके फैंस को बड़ा झटका लगा है.

धोनी के फैंस की बढ़ी टेंशन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एमएस धोनी की रिकवरी में दो नहीं बल्कि कम से कम करीब तीन हफ्ते का समय लग सकता है, जिसके चलते वह अप्रैल के अंत तक बाहर रह सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो वह कम से कम छह मैच मिस कर सकते हैं. इतना ही नही, वह पहले मैच के लिए गुवाहाटी भी नहीं पहुंचे हैं, जो राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह चेन्नई में ही रिहैब कर रहे हैं.

धोनी की गैरमौजूदगी सीएसके के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होने वाली है. पिछले कुछ सीजन में उनकी भूमिका टीम के लिए अहम रही है. हालांकि उम्र और बार-बार चोटों के कारण उनका प्रदर्शन पहले जितना प्रभावशाली नहीं रहा है. अब टीम को बिना ‘थाला’ के शुरुआती मुकाबलों में संघर्ष करना होगा. वहीं, आईपीएल इतिहास में पहली बार ऐसा होगा, जब CSK की प्लेइंग-11 में धोनी या सुरेश रैना में से कोई भी नहीं होगा. इससे पहले बीते 16 सीजन में कभी ऐसा नहीं हुआ था.

संजू सैमसन पर बड़ी जिम्मेदारी

हालांकि, संजू सैमसन के आने से विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी अच्छी तरह से संभाली जा सकेगी. कुछ समय पहले, सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा था कि धोनी के सभी मैच खेलने की संभावना कम है, जिससे संकेत मिलता है कि संजू नंबर 1 विकेटकीपर होंगे. ऐसे में धोनी की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.