उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने रविवार (29 मार्च) देर रात प्रयागराज से पीसीएस 2024 (PCS 2024) का अंतिम परिणाम जारी किया. आयोग के सचिव अशोक कुमार ने इस रिजल्ट को आधिकारिक तौर पर घोषित किया. इस परीक्षा में कुल 947 पदों के लिए चयन होना था, लेकिन 932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. फिलहाल 15 पद खाली रह गए हैं.
लड़कियों ने मारी बाजी
इस बार की परीक्षा में लड़कियों की कामयाबी ने सबका ध्यान खींचा है. टॉप 10 में छह लड़कियां शामिल हैं. नेहा पांचाल ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रचा तो दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश की ही अनन्या त्रिवेदी रहीं. तीसरा स्थान अभय प्रताप सिंह को मिला. चौथे नंबर पर अनामिका मिश्रा, पांचवें पर नेहा सिंह, छठे पर दीप्ति वर्मा और सातवें पर पूजा तिवारी हैं. आठवें स्थान पर अनुराग पांडे, नौवें पर शुभम सिंह और दसवें स्थान पर आयुष पांडे रहे. कुल सफल अभ्यर्थियों में 319 महिलाएं और 613 पुरुष शामिल हैं. इनमें 272 ओबीसी, 186 एससी और 22 एसटी उम्मीदवार सफल हुए हैं.
पीसीएस परीक्षा क्या है?
यूपी पीसीएस यानी उत्तर प्रदेश प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षा प्रदेश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षा मानी जाती है. इसके जरिए प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की भर्ती होती है. इस परीक्षा में कुल 24 तरह के पद और सेवाएं शामिल हैं. इनमें डिप्टी कलेक्टर, डिप्टी एसपी, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ), असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर, ट्रेजरी ऑफिसर और कई अन्य पद शामिल हैं. ये पद राज्य के प्रशासन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं.
परीक्षा का पूरा सफर
पीसीएस 2024 में सबसे पहले प्रीलिमिनरी परीक्षा हुई, जिसमें हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए. इसके बाद मुख्य परीक्षा (मेन्स) का आयोजन किया गया, जिसका रिजल्ट 4 फरवरी 2026 को घोषित किया गया था. उसमें 2719 अभ्यर्थी इंटरव्यू यानी साक्षात्कार के लिए सफल हुए थे. इंटरव्यू 16 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक हुए. आयोग ने इन इंटरव्यू में अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व, ज्ञान और समस्या समाधान की क्षमता को परखा. अंत में मेन्स और इंटरव्यू के कुल अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की गई.
यहां देख सकते हैं पूरा रिजल्ट
आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई. अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. वहां मेरिट लिस्ट और अन्य डिटेल्स भी उपलब्ध हैं.
परीक्षा रुकावटों के कारण SSC उम्मीदवारों को बड़ी राहत, 5 साल तक बढ़ सकती है उम्र सीमा