Dhurandhar 2: आदित्य धर ने एक्टर्स से भी छिपाई थी कहानी, सुनील शर्मा बोले- हमें नहीं पता था पार्ट 2 आएगा
TV9 Bharatvarsh March 30, 2026 11:42 PM

Dhurandhar 2 Fame Sunil Sharma Interview: बॉलीवुड में इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल ‘धुरंधर 2’ की धूम मची हुई है. हाल ही में टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ने वाली इस फिल्म के पीछे की मेहनत और अनसुने किस्सों को लेकर अभिनेता सुनील शर्मा ने खुलकर बात की. अब तक साउथ की फिल्मों में अपना कमाल दिखा चुके सुनील शर्मा ने बताया कि कैसे आदित्य धर ने अपनी ‘पीक डिटेलिंग’ से सेट पर जादू कर दिया था.

सवाल: फिल्म को मिली सफलता के लिए आपको बधाई, आप इस फिल्म के पार्ट 1 और पार्ट 2 दोनों का हिस्सा थे, तो क्या आपको लोग पूछते थे कि पार्ट 2 में क्या होने वाला है, सब कुछ पता होने के बावजूद ये चुप्पी रखना कितना मुश्किल था?

सुनील शर्मा का जवाब: सच कहूं, तो हमें तो कुछ भी नहीं पता था! मतलब जब फिल्म का पार्ट 2 आ रहा है, ये मुझे तब पता चलता, जब हमने पूरी फिल्म थिएटर में देखी थी, वो भी फिल्म की आखिर में पता चला. तब तक हम ये सोच रहे थे कि बहुत कुछ कट हो गया, ज्यादा रोल नहीं है, लेकिन वो हमारे लिए सरप्राइज था कि फिल्म का दूसरा पार्ट आने वाला है.

View this post on Instagram

A post shared by Sunil Sharma (@suunilsharrma_)

हम बस शूट किए जा रहे थे. आदित्य सर के पास करीब 9 घंटे का फुटेज था. हमें तो थिएटर में जाकर पता चला कि फिल्म के दो हिस्से हैं और ‘धुरंधर 2’ भी आने वाली है. लेकिन कई चीजें हमें फिर भी पता नहीं थीं. जैसे की ‘बड़े साहब’ का किरदार और या फिल्म की आगे की कहानी में आने वाले ट्विस्ट, इसकी पूरी जानकरी शायद आदित्य धर और रणवीर सिंह को ही थी. बाकी किसी भी एक्टर को फिल्म की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी.

सवाल: आदित्य धर के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा? साउथ से फिर बॉलीवुड में एंट्री कैसे हुई?

सुनील शर्मा का जवाब: वैसे तो मैं हिंदी भाषी हूं, महाकाल की नगरी उज्जैन का रहने वाला हूं, मैंने थिएटर से अपनी शुरुआत की थी. लेकिन जब साउथ में मौका मिला तो मैं वहां शिफ्ट हो गया. इस दौरान हिंदी के लिए मुकेश छाबड़ा के पास ऑडिशन भी दी थी, कई बार बात नहीं बनीं और इस बार बात बन गई. कहा गया कि आदित्य धर फिल्म के निर्देशक हैं और उन्हें कौन नहीं जानता. उनके साथ काम करने के बाद मैं यही कहूंगा कि वो वाकई एक ‘धुरंधर’ डायरेक्टर हैं. उनकी डिटेलिंग लाजवाब है, वो खुद आकर बताते थे कि बंदूक कैसे पकड़नी है, चलने का अंदाज कैसा होना चाहिए और यहां तक कि अगर फिल्म में गाली देनी है, तो वो भी बनावटी नहीं लगनी चाहिए.

उदाहरण के तौर पर बात की जाए, तो सेट पर एक सीन था जहां ‘रहमान डकैत’ अपने बेटे की मौत पर अस्पताल पहुंचता है. वहां एक बल्ब बार-बार जल-बुझ रहा था (फ्लिकर कर रहा था). मुझे पहले लगा कि शायद कोई तकनीकी खराबी है, लेकिन बाद में समझ आया कि वो आदित्य सर का विजन था ताकि उस सीन में तनाव पैदा किया जा सके.

सवाल: सेट पर आपने रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना दोनों को काम करते हुए देखा है, दोनों की खूब तारीफ हुई है, दोनों के साथ आपने सेट पर समय बिताया है, उनसे जुड़ा कोई किस्सा शेयर करना चाहेंगे?

सुनील शर्मा का जवाब: हम सभी जानते हैं कि रणवीर सिंह की एनर्जी का कोई जवाब नहीं है. वो जब सेट पर आते थे, तो पूरा माहौल बदल जाता था. वो ‘हमजा’ के गेटअप में बिल्कुल शांत और गंभीर रहते थे. एक बार एक्शन सीन के दौरान उन्हें और एक आर्टिस्ट को चोट लग गई. सेट का माहौल थोड़ा सीरियस हो गया, लेकिन रणवीर ने तुरंत उठकर सबको मोटिवेट किया और कहा, “चलो वापस से फोड़ते हैं!” वो जितने बड़े स्टार हैं, उतने ही जमीन से जुड़े कलाकार भी हैं.

अक्षय खन्ना की बात करें तो अक्षय सर का अपना एक अलग ‘जोन’ है. वो सेट पर बहुत शांत रहते हैं. वो अपना शॉट देते थे और चुपचाप जाकर अपनी जगह बैठ जाते थे. शुरुआत में मुझे लगा कि शायद वह बात नहीं करना चाहते, लेकिन बाद में समझ आया कि वह अपने किरदार में गहराई से डूबे रहते हैं.

View this post on Instagram

A post shared by Sunil Sharma (@suunilsharrma_)

सवाल: फिल्म को मिली सफलता के बारे में क्या कहेंगे?

सुनील शर्मा का जवाब: आज कल लोग 30 सेकेंड की रील भी स्वाइप कर देते हैं, ऐसे में 4 घंटे तक दर्शकों को कुर्सी से बांधे रखना किसी करिश्मे से कम नहीं है. लेकिन आदित्य सर ने ये करके दिखाया. उज्जैन से मेरे दोस्तों के फोन आए कि रात के 4 बजे के शो की टिकट भी नहीं मिल रही है. ये उनके विज़न की जीत है.

सवाल: उज्जैन से साउथ आप कैसे पहुंच गए? वहां भाषा को लेकर दिक्कत नहीं आई?

सुनील शर्मा का जवाब: दरअसल मेरी पर्सनालिटी को देखकर मुझे साउथ में विलेन का रोल ऑफर हुआ, एक फिल्म के बाद और भी मौके मिले और जब आपको आपकी कला दिखाने का मौका मिल जाता है, तो भाषा की दिक्कत नहीं होती, इसलिए मुझे कभी भी साउथ में भाषा की दिक्कत नहीं हुई.

सवाल: आपने साउथ और बॉलीवुड में काम किया है, लेकिन जिंदगी का पहला स्टार स्ट्रक मोमेंट कब था? ऐसे कौन से स्टार थे, जिनके साथ हुई मुलाकात आप कभी नहीं भूलेंगे

सुनील शर्मा का जवाब: अमित जी के साथ मैंने एक ज्वेलरी ब्रांड का विज्ञापन शूट किया था. मुझे पता नहीं था कि मैं अमिताभ बच्चन के साथ शूट करने वाला हूं, लेकिन जब शूटिंग लोकेशन पर मैं पहुंचा तब मुझे बताया गया कि मैं अमित जी के साथ शूट करने वाला हूं. शूटिंग के दौरान दो बाउंसर हर वक्त मेरे पीछे रहते थे. मुझे लगा कि शायद सुरक्षा के लिए हैं, लेकिन बाद में पता चला कि प्रोडक्शन वालों को डर था कि कहीं मैं गायब न हो जाऊं और अमित जी की डेट्स खराब न हो जाएं! इसलिए उन्हें मेरे पीछे लगाया गया था. जब हमारा शॉट लगा, तब हमें मिलवाया गया. क्योंकि वो एड अलग-अलग भाषाओं में शूट हो रहा था, सर को लगा कि मैं साउथ से हूं, लेकिन जब मैंने उन्हें बताया कि मैं उज्जैन से हूं, तब वो बड़ा खुश हो गए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.