यूपी के अम्बेडकर नगर के लिए आज का दिन बेहद खास रहा. गलियों में मिठाई की खुशबू है, घरों में बधाइयों की आवाजें हैं और मोबाइल पर लगातार शुभकामनाओं के संदेश आ रहे हैं. वजह है PCS 2024 का शानदार परिणाम, जिसमें जिले के कई होनहार युवाओं ने बड़ी सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है. इन युवाओं ने साबित कर दिया कि छोटे शहरों से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं.
इस सफलता की सबसे चमकदार कहानी है पूजा तिवारी की है. उन्होंने PCS परीक्षा में 7वीं रैंक पाकर एसडीएम पद हासिल किया है. उनके घर पर सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा है. परिवार, रिश्तेदार और पड़ोसी सभी गर्व महसूस कर रहे हैं. पूजा की मेहनत और लगन अब पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है.
श्रष्टि चौधरी भी बनीं एसडीएम, 26वीं रैंक
इसी खुशी को और बढ़ाया सृष्टि चौधरी ने. उन्होंने 26वीं रैंक हासिल कर एसडीएम पद पर जगह बनाई. दो-दो एसडीएम एक ही जिले से बनना अपने आप में बड़ी बात है. यह दिखाता है कि अम्बेडकरनगर की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं.
डिप्टी जेलर से ट्रेजरी अफसर तक का सफर
अन्नू वर्मा की कहानी और भी प्रेरणादायक है. वह पहले से डिप्टी जेलर के पद पर कार्यरत हैं. अब PCS में चयन के बाद उनका चयन ट्रेजरी अफसर पद पर हुआ है. नौकरी के साथ पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं होता, लेकिन अन्नू ने यह कर दिखाया.
यह भी पढ़ें - UP PCS Final Result 2024: यूपी लोक सेवा आयोग ने जारी किया पीसीएस 2024 का फाइनल रिजल्ट, नेहा पांचाल बनीं टॉपर
विमलेश कुमार बने डिप्टी एसपी
जिले के विमलेश कुमार ने डिप्टी एसपी पद हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है. उनकी सफलता से युवाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है, खासकर उन छात्रों में जो पुलिस सेवा में जाना चाहते हैं.
बीडीओ बने अभिषेक पाल और अभिनंदन सिंह
गांव और विकास की जिम्मेदारी अब जिले के ही दो युवाओं के हाथ में होगी. अभिषेक पाल और अभिनन्दन सिंह ने बीडीओ पद हासिल किया है. इनकी सफलता से गांवों में भी खुशी की लहर है.
इन्होंने भी किया कमाल
अजय कुमार सिंह, अभिषेक वर्मा और राज सिंह ने नायब तहसीलदार पद पर चयन पाकर प्रशासनिक सेवा में कदम रखा है. विष्णुकान्त मिश्रा का चयन वाणिज्य कर अधिकारी पद पर हुआ है. वहीं सर्वेश वर्मा और मयंक मौर्या असिस्टेंट कमिश्नर (सेल्स टैक्स) बने हैं. हाल ही में UPSC में 316वीं रैंक हासिल करने वाले विपिन देव यादव का चयन वर्क ऑफिसर पद पर हुआ है. यह उपलब्धि जिले के लिए दोहरी खुशी लेकर आई है. जिले में तैनात इंस्पेक्टर राम नरेश की बेटी प्रियंका रावत ने भी PCS में सफलता पाई है. उनकी मेहनत ने परिवार और जिले दोनों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है.
यह भी पढ़ें - UPPSC Success Story: बिना कोचिंग अयोध्या की बेटी का कमाल, UPPSC में चौथा स्थान पाकर बनी डिप्टी कलेक्टर