Multibagger Stock: रामायण बनाने वाली कंपनी ने निवेशकों को किया मालामाल, 1 साल में पैसा हुआ 3 गुना!
TV9 Bharatvarsh April 05, 2026 11:43 PM

शेयर बाजार में इन दिनों काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. लेकिन, इस भारी गिरावट के दौर में भी एक शेयर ऐसा है जो लगातार आसमान छू रहा है और निवेशकों की झोली भर रहा है. यह कोई आम कंपनी नहीं है, बल्कि बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) पर काम कर रही दिग्गज कंपनी ‘प्राइम फोकस’ (Prime Focus) है. इस कंपनी ने महज एक साल में अपने निवेशकों को 265 फीसदी का बंपर रिटर्न देकर हैरान कर दिया है. एक तरफ जहां बड़े-बड़े स्टॉक्स बाजार के दबाव में टूट रहे हैं, वहीं इस शेयर ने आम निवेशकों की पूंजी को कुछ ही महीनों में दोगुने से भी ज्यादा कर दिया है.

टीजर आते ही शेयर बाजार में आई तेजी

पिछले साल जुलाई में जब ‘रामायण’ फिल्म का पहला टीजर रिलीज हुआ था, तब प्राइम फोकस के शेयर की कीमत बाजार में करीब 160 रुपये के स्तर पर थी. इसके बाद से ही इस स्टॉक ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है. बीते 2 अप्रैल को जब फिल्म का दूसरा टीजर सामने आया, तो कंपनी का शेयर उड़ान भरते हुए 330 रुपये के आंकड़े तक पहुंच गया. इसका सीधा अर्थ यह है कि टीजर दर टीजर निवेशकों को 106 प्रतिशत का सीधा मुनाफा हुआ है.

बाजार की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, इस शेयर ने हाल ही में 347.80 रुपये का अपना 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर छुआ. पिछले छह महीनों के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो इसने 88.08 प्रतिशत की मजबूत छलांग लगाई है. इस लगातार तेजी के चलते आज कंपनी का कुल मार्केट कैप 25.61 हजार करोड़ रुपये के पार जा चुका है.

रणबीर कपूर भी करने वाले हैं निवेश

स्टॉक में इस तूफानी तेजी के पीछे सिर्फ फिल्म को लेकर बना उत्साह ही नहीं है, बल्कि एक बड़ी खबर भी बाजार में काम कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर ने खुद इस कंपनी में निवेश की योजना बनाई है. दरअसल, प्राइम फोकस ने कुछ समय पहले 46 करोड़ से अधिक शेयरों के प्रिफरेंशियल इश्यू को अपनी मंजूरी दी थी. इस प्रस्ताव में रणबीर कपूर का नाम भी उन निवेशकों की सूची में शामिल था, जिन्हें 12.5 लाख शेयर आवंटित किए जाने प्रस्तावित थे. हालांकि, अभी तक यह स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने यह खरीदारी पूरी कर ली है या नहीं.

कंपनी का बुनियादी कारोबार भी बेहद मजबूत है. प्राइम फोकस अपनी ग्लोबल सहयोगी कंपनी ‘DNEG’ के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एनीमेशन, पोस्ट-प्रोडक्शन और वीएफएक्स (VFX) की बेहतरीन सेवाएं देती है. यह कंपनी हॉलीवुड की ‘इंसेप्शन’, ‘इंटरस्टेलर’, ‘ड्यून’, ‘टेनेट’ और ‘ब्लेड रनर 2049’ जैसी ऑस्कर जीतने वाली ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए भी शानदार विजुअल इफेक्ट्स तैयार कर चुकी है.

प्रमोटर्स ने बेचे शेयर, छोटे निवेशकों का बढ़ा भरोसा

किसी भी कंपनी के भविष्य को समझने के लिए आम निवेशक उसके शेयरहोल्डिंग पैटर्न को जरूर देखते हैं. प्राइम फोकस के दिसंबर तिमाही के आंकड़ों के अनुसार, ‘रामायण’ के निर्माता नमित मल्होत्रा की कंपनी में 1.92 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि उनके पिता नरेश मल्होत्रा 5.61 प्रतिशत शेयरों के मालिक हैं. कंपनी में प्रमोटर्स की कुल हिस्सेदारी 60.76 प्रतिशत है.

लेकिन यहां एक दिलचस्प बदलाव देखने को मिला है. पिछले साल मार्च तिमाही के बाद से कंपनी के प्रमोटर्स ने अपनी हिस्सेदारी में 9 प्रतिशत से ज्यादा की कटौती की है. विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का हिस्सा भी 11 प्रतिशत से लुढ़ककर 3.35 प्रतिशत पर आ गया है और घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) के पास 1.14 प्रतिशत शेयर हैं. इन सबके उलट, आम रिटेल निवेशकों ने इस शेयर पर जमकर अपना दांव लगाया है. इसी अवधि में रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी 18 प्रतिशत से उछलकर सीधे 34.74 प्रतिशत हो गई है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.