पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने चुनाव प्रचार को धार देने के लिए अपने दिग्गज नेताओं और प्रमुख चेहरों की एक लिस्ट जारी की है. भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है. इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, सांसदों और फिल्म जगत की हस्तियों तक के नाम शामिल हैं.
स्टार प्रचारक की लिस्ट में अमित शाह समेत ये नाम शामिल
भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नितिन नवीन, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान और अश्विनी वैष्णव शामिल हैं. साथ ही मिथुन चक्रवर्ती, स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, कंगना रनौत और मनोज तिवारी भी पश्चिम बंगाल में प्रचार करेंगे. इसके अलावा, लियेंडर पेस भी बीजेपी के पक्ष में प्रचार प्रसार करते नजर आएंगे.
योगी अदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस करेंगे चुनाव प्रचार
पार्टी ने हिमंता बिस्वा सरमा, योगी आदित्यनाथ, रेखा गुप्ता, देवेंद्र फडणवीस, मोहन चरण माझी, भूपेंद्र यादव, माणिक साहा, अनुराग ठाकुर, अन्नपूर्णा देवी, अर्जुन मुंडा और बाबूलाल मरांडी को भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया. सम्राट चौधरी, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, मंगल पांडेय, अमित मालवीय, सामिक भट्टाचार्य, सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, डॉ. सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, राजू बिस्ता, डॉ. जयंता कुमार रॉय, मनोज टिग्गा, और बिजन गोस्वामी जैसे प्रमुख नेता भी इस सूची में शामिल हैं.
राज्य की 292 सीटों पर बीजेपी ने उतारे उम्मीदवार
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की 292 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं. पार्टी ने पहली लिस्ट में 144, दूसरी लिस्ट में 111, तीसरी लिस्ट में 19, चौथी लिस्ट में 13 और पांचवीं लिस्ट में पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है. बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में वोट डाले जाएंगे. पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को जारी किए जाएंगे. इसे लेकर राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.