51 लाख सिलेंडर की डिलीवरी, 3.6 लाख PNG कनेक्शन... LPG संकट के बीच सरकार ने क्या-क्या बताया?
एबीपी लाइव April 06, 2026 08:12 AM

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक एनर्जी काइसिस के बीच भारत सरकार ने रविवार (5 अप्रैल, 2026) को देश में एलपीजी की सफल डिलीवरी, ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग में बढ़ोत्तरी के साथ-साथ पीएनजी के हो रहे विस्तार को लेकर आंकड़ों की जानकारी साझा की.

देश में गैस की कहीं कोई कमी नहीं: मंत्रालय

न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि देश भर में एक दिन पहले शनिवार (4 अप्रैल) को 51 लाख से ज्यादा एलपीजी सिलेंडरों की सफलतापूर्वक डिलीवरी की गई है और किसी भी वितरक एजेंसी पर गैस की कमी की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है.

मंत्रालय ने कहा कि कुल बुकिंग में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर की हिस्सेदारी बढ़कर 95 प्रतिशत हो गई है. वितरक स्तर पर हेराफेरी को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित डिलीवरी 90 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो कि मध्य पूर्व में संघर्ष शुरू होने से पहले फरवरी में 53 प्रतिशत की थी.

गैस वितरकों के पास आसानी से मिलेंगे छोटे LPG सिलेंडर: मंत्रालय

रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार के मंत्रालय ने देश भर के उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने और जरूरत होने पर ही वितरकों के पास जाने की सलाह दी है. मंत्रालय ने बताया कि शनिवार (4 अप्रैल, 2026) को पांच किलो वाले करीब 90,000 छोटे एलपीजी सिलेंडर्स की बिक्री की गई है. 23 मार्च से अब तक 6.6 लाख छोटे एलपीजी सिलेंडर्स की बिक्री हो चुकी है. मंत्रालय ने कहा कि पांच किलो वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर वितरक एजेंसियों के पास मौजूद हैं और कोई वैध भी पहचान पत्र दिखाकर ग्राहक इन्हें प्राप्त कर सकते हैं.

देश में पीएनजी को दिया जा रहा बढ़ावा: मंत्रालय

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि भारत में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा दिया जा रहा है. मार्च से अब तक 3.9 लाख से अधिक पीएनजी के नए पंजीकरण हो चुके हैं और 3.6 लाख नए पीएनजी कनेक्शन को गैस की आपूर्ति दी गई है. राज्यों को घरेलू और व्यावसायिक दोनों उपभोक्ताओं के लिए नए पीएनजी कनेक्शन की सुविधा प्रदान करने की सलाह भी दी गई है.

यह भी पढ़ेंः 'उनके पास...' असम सीएम हिमंता विश्व सरमा की पत्नी पर कांग्रेस के गंभीर आरोप, मचा सियासी बवाल

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.