पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून-व्यवस्था और घुसपैठ के मुद्दे को लेकर टीएमसी सरकार पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में डेमोग्राफी में खतरनाक बदलाव आया है क्योंकि घुसपैठियों को टीएमसी का सीधा संरक्षण मिलता है. सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले बंगाल में लोग रोजगार के लिए आते थे, लेकिन निर्मम सरकार ने उसी बंगाल को पलायन का केंद्र बन दिया है.
घुसपैठियों को वोट बैंक मानती टीएमसी: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'ये तृणमूल वाले एसआईआर का विरोध कर रहे हैं ताकि घुसपैठियों की पहचान न हो सके, उल्टे टीएमसी सीएए को रद्द करने की धमकी दे रही है. यानि जिन शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता मिली है, ये उनकी नागरिकता छीनेंगे और वो ये नागरिकता घुसपैठियों को देंगे. क्योंकि टीएमसी घुसपैठियों को अपना वोटबैंक मानती है. इन घुसपैठियों को टीएमसी का सीधा संरक्षण मिलता है. टीएमसी इन्हें सीधे अपने सिंडिकेट में भर्ती करती है. टीएमसी बंगाल में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली है.'
उन्होंने कहा, 'मैं कूचविहार से देश के सभी राज्यों को मैं फिर याद दिलाता हूं कि जिन भी राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा काम किया है उनको सीटों के विषय में कोई नुकसान नहीं होगा, सभी का फायदा ही होगा. सभी राज्यों की भागीदारी और सबके अधिकार सुरक्षित रहेंगे. हम संसद में इसपर पक्का ठप्पा लगाना चाहते हैं कि महिलाओं के लिए अतिरिक्त सीटें बढ़े. ताकि राज्यों को इसका बड़ा फायदा मिले.'
महिला सशक्तिकरण को लेकर बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'हमारा बंगाल शक्ति पूजा की धरती है. मैं यहां आए सभी बहनों-बेटियों को, बंगाल की हर बहन-बेटियों से कहूंगा कि बीजेपी आपके सम्मान और आपकी समृद्धि के लिए मैदान में है. बीजेपी सरकार आएगी तो महिलाओं के सच्चे सशक्तिकरण का रास्ता खोलेगी और ये हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है. देश की 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया, लेकिन ये बहुत जरूरी है कि देश के लिए होने वाले फैसलों में भी महिलाओं की भूमिका और अधिक बढ़े इसलिए हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी रिजर्वेशन देने का कानून बनाया.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'यहां की निर्मम सरकार बंगाल की इस पावन माटी पर हर रोज लोकतंत्र को लहुलूहान कर रही है. ये निर्मम सरकार अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती. दो-तीन पहले पूरे देश ने देखा है कि कैसे मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया.' पीएम मोदी ने अपने भाषण में संदेशखाली का भी जिक्र किया.
TMC के पापों का चुन-चुन कर होगा हिसाब: PM मोदी
उन्होंने कहा, 'एक ओर संदेशखाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है, दूसरी ओर नारीशक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है. मैं आपको भरोसा देता हूं कि इस बार चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब किया जाएगा. चुन-चुन कर हिसाब किया जाएगा. 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा. चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो... इस बार न्याय होकर रहेगा.'
पीएम मोदी ने कहा, 'इस बार बंगाल में एक ओर TMC का भय है और इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास बीजेपी का भरोसा है. एक ओर TMC के 'कट मनी' और 'करप्शन' का भय है. दूसरी ओर विकास को तेज रफ्तार देने वाली बीजेपी का भरोसा है. एक ओर घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का भय है. दूसरी ओर घुसपैठ रोक कर सारे घुसपैठियों को बंगाल से बाहर करने का बीजेपी का भरोसा है.'
: 'उनके पास...' असम सीएम हिमंता विश्व सरमा की पत्नी पर कांग्रेस के गंभीर आरोप, मचा सियासी बवाल