पश्चिम बंगाल चुनावः पहले चरण के लिए कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी, कई दिग्गजों के नाम शामिल
Navjivan Hindi April 07, 2026 02:42 AM

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच, पहले चरण को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। चुनाव प्रचार को धार देने के लिए पार्टी ने इस सूची में राष्ट्रीय से लेकर राज्य स्तर तक के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया है, जो चुनावी मैदान में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का काम करेंगे।

लिस्ट के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रमुख रूप से प्रचार की कमान संभालेंगे। इनके अलावा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता गुलाम अहमद मीर भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

स्टार प्रचारकों की सूची में सुभाष सरकार, बीके हरिप्रसाद, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मुकुल वासनिक, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अधीर रंजन चौधरी जैसे नेताओं को भी जगह दी गई है। इनके अलावा, सूची में सलमान खुर्शीद, शशि थरूर, सचिन पायलट, दीपा दासमुंशी, सैयद नसीर हुसैन, प्रो. प्रदीप भट्टाचार्य, डीपी राय, ईशा खान चौधरी, तारिक अनवर, मोहम्मद जावेद, गौरव गोगोई, केएल शर्मा को भी शामिल किया गया है।

इसके साथ ही, इमरान प्रतापगढ़ी, इमरान मसूद, सुदीप रॉय बर्मन, कन्हैया कुमार, अलका लांबा, उदय भानु चिब, बीपी सिंह, अंबा प्रसाद, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, शकील अहमद खान, मोहम्मद अजहरुद्दीन, दीपिका पांडेय सिंह, अमिताभ चक्रवर्ती, मनीष तमांग और इरफान अंसारी को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

पश्चिम बंगाल में इसी महीने दो चरणों में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को जारी किए जाएंगे। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.