सुलह या तलाक… क्या होगा फाइनल? ADM ज्योति मौर्या ने दिया जवाब
TV9 Bharatvarsh April 07, 2026 02:43 PM

Jyoti Maurya-Alok Maurya Dispute: क्या ADM ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक के बीच विवाद खत्म हो गया है? हाल ही में ऐसी चर्चाएं होनी शुरू हो गई थीं. हालांकि, ज्योति मौर्या ने इन खबरों को पूरी तरह नकार दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि सुलह की कोई संभावना नहीं है और उन्हें नहीं पता कि इस तरह की अफवाहें कहां से फैल रही हैं.

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ज्योति मौर्या ने स्पष्ट किया कि उनका तलाक अंतिम चरण में है और आने वाले दो महीनों के भीतर यह प्रक्रिया पूरी हो सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि वह और आलोक मौर्या पहले ही अलग हो चुके हैं और अब किसी भी तरह के समझौते की गुंजाइश नहीं है. साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस तरह की खबरें क्यों और किस मकसद से फैलाई जा रही हैं.

2010 में हुई थी ज्योति और आलोक की शादी

हाल ही में ज्योति मौर्या को प्रमोशन मिला है और उनकी नई तैनाती गाजियाबाद में एडीएम (अपर जिलाधिकारी) के पद पर हुई है.ज्योति और आलोक की शादी साल 2010 में हुई थी. शुरुआती वर्षों में दोनों के रिश्ते काफी अच्छे थे. साल 2015 में ज्योति मौर्या का पीसीएस में चयन हुआ और उन्हें एसडीएम के पद पर नियुक्ति मिली. उस समय आलोक मौर्या पंचायती राज विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे. लेकिन नौकरी और जिम्मेदारियों में बदलाव के बाद दोनों के रिश्तों में धीरे-धीरे खटास आने लगी.

2023 में आलोक मौर्या ने पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

विवाद तब सार्वजनिक हुआ,.जब साल 2023 में आलोक मौर्या ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने ज्योति पर भ्रष्टाचार, अवैध संपत्ति अर्जित करने और एक अधिकारी के साथ अफेयर के आरोप लगाए थे. आलोक का यह भी कहना था कि उन्होंने अपनी पत्नी की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन सफलता मिलने के बाद रिश्ते बिगड़ गए.

मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने प्रशासनिक जांच के आदेश दिए थे और एक तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया था. दोनों पक्षों से सबूत मांगे गए, लेकिन बाद में आलोक मौर्या ने अपनी शिकायत वापस ले ली. इसके बाद समिति ने भी मामले को समाप्त मानते हुए अपनी रिपोर्ट सौंप दी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.