सिनेजीवन: आशा भोसले ने तब्बू को दिया जिंदगी का सबसे अनमोल तोहफा और राजपाल यादव ने अवॉर्ड शो विवाद पर तोड़ी चुप्पी
Navjivan Hindi April 07, 2026 10:42 PM
आशा भोसले ने तब्बू को दिया जिंदगी का सबसे अनमोल तोहफा, अभिनेत्री बोलीं- 'शब्दों में बयां नहीं कर सकती अपनी खुशी'

मशहूर गायिका आशा भोसले संगीत जगत की ऐसी शख्सियत हैं, जिन्होंने अपने सुरों से लोगों के दिलों में राज किया है। उन्होंने न सिर्फ आम दर्शकों को अपना मुरीद बनाया बल्कि बड़े बड़े सितारों को भी दीवाना बनाया है, जिनमें अभिनेत्री तब्बू का नाम भी शामिल हैं।

 तब्बू ने आशा भोसले के साथ इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें आशा भोसले अभिनेत्री के साथ नजर आ रही हैं। वहीं, गायिका अपने हाथ में गिटार लिए हुए हैं। अभिनेत्री ने बताया कि उनके जन्मदिन के मौके पर आशा ने उन्हें गिटार भेंट के तौर पर दिया था।

तब्बू लिखती हैं, "अपने सबसे यादगार दिनों के बारे में बताओ...उन लम्हों के बारे में बताओं जो तुम कभी नहीं भूलोगे, जो चीज तुम्हें सबसे ज्यादा छूती है, उसके बारे में बताओ...अपने सबसे कीमती खजानों के बारे में बताओ।"

 उन्होंने बताया, "नवंबर में मेरा जन्मदिन था और तभी यह सुंदरता मेरे दरवाजे पर आई...यह गिटार मुझे आशा जी ने तोहफे के तौर पर दी थी।"

 तब्बू ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, "शब्दों में मैं जितनी कृतज्ञता महसूस करती हूं, उतनी बता नहीं सकती। मैं आपसे इतना प्यार और सम्मान करती हूं, आशाजी… आपके गीतों के जरिए हमने प्यार, चाहत, दर्द और जुनून को महसूस किया। मैं इस गिटार को जीवन भर संभालकर रखूंगी। उम्मीद है कि जल्द ही मैं आपके लिए इस गिटार पर आपके ही गीत बजा पाऊंगी।"

अवॉर्ड शो में विवाद के बीच सलमान खान ने किया राजपाल यादव का समर्थन, बोले- 'दिल से काम करो'

बॉलीवुड इंडस्ट्री में अक्सर ऐसे मौके आते हैं, जब कलाकारों को न सिर्फ अपने काम के लिए, बल्कि निजी जिंदगी से जुड़े मामलों को लेकर भी आलोचना का सामना करना पड़ता है। हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ, जब मशहूर अभिनेता राजपाल यादव को लेकर एक टिप्पणी की गई, जिसने विवाद खड़ा कर दिया।

इस पूरे मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान खुलकर राजपाल यादव के समर्थन में सामने आए। उन्होंने न सिर्फ उनके काम की तारीफ की, बल्कि उन्हें हिम्मत भी दी कि वह इन बातों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ें।

सलमान खान ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने राजपाल यादव के करीब 30 साल लंबे करियर की सराहना की।

 सलमान खान ने लिखा, ''राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हैं और हम सबने आपको बार-बार फिल्मों में इसलिए कास्ट किया है, क्योंकि आप अपना काम अच्छी तरह जानते हैं, एक वैल्यू लाते हैं।''

 सलमान ने पोस्ट में आगे लिखा, ''काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर काम मिलेगा और मिलता रहेगा, ये हकीकत है। यह याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ निकल आता है, अगर इस पर ध्यान नहीं है तो दिमाग में रखो, दिल से काम करो, डॉलर ऊपर हो या नीचे, क्या फर्क पड़ता है। देना तो इंडिया में ही है।''

'शरारत' ने बिखेरा जलवा, कई सालों के इंतजार के बाद विजय गांगुली को मिला अवॉर्ड

फिल्म 'धुरंधर' रिलीज के बाद लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। दर्शकों की तारीफों के साथ साथ अब यह फिल्म अवॉर्ड्स भी अपने नाम करने में पीछे नहीं हट रही है। इसी सफलता के बीच हाल ही में फिल्म मशहूर डांस सॉन्ग 'शरारत' को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की।

 दरअसल, मशहूर कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने ‘शरारत’ गाने के लिए बेस्ट कोरियोग्राफर का अवॉर्ड जीता। विजय ने इस खुशी के पल को अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। वीडियो में विजय ने बताया कि स्क्रीन अवॉर्ड्स की तरफ से उन्हें पहले भी नोमिनेशन मिले थे, लेकिन उस समय उन्हें अवॉर्ड नहीं मिल पाया था। कई सालों की मेहनत और इंतजार के बाद अब उन्हें यह सम्मान हासिल हुआ है। विजय ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "यह उस शख्स की वजह से ही है, जिसकी दूरदर्शिता और साफ-सुथरी सोच ने 'शरारत' को वैसा बनाने में मदद की जैसा यह होना चाहिए था। धन्यवाद आदित्य धर, मुझ पर भरोसा करने के लिए।"

'शरारत' गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इसका डांस स्टेप्स, एनर्जी और विजय गांगुली की क्रिएटिव कोरियोग्राफी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके हुक स्टेप ने तो और ही कमाल कर दिया था। सोशल मीडिया यूजर्स, इंफ्लूएंसर्स हर कोई गाने की हुक स्टेप को कॉपी कर वीडियो बनाया था। गाना इतना पॉपुलर हुआ था कि सात समंदर पार भी इसकी खूब प्रसंशा हुई थी और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस ने भी सराहा था। निक अपने भाइयों के साथ मिलकर गाने की धुन पर खूब थिरके थे।

राजपाल यादव ने अवॉर्ड शो विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बोले-ये सिर्फ एक एक्ट था, किसी को गलत ना समझें

हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान हुए विवाद ने अभिनेता राजपाल यादव को लेकर काफी चर्चा पैदा कर दी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह दावा किया गया कि मंच पर मजाक के नाम पर उनका अपमान किया गया। कई लोग इस घटना से नाराज दिखे और शो के होस्ट्स पर सवाल उठाने लगे। अब खुद राजपाल यादव ने इस विवाद पर चुप्पी तोड़ी है।

राजपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ''मैं खुशकिस्मत था कि मुझे कुछ दिन पहले स्क्रीन अवॉर्ड्स में जाने का मौका मिला। मुझे वहां पूरी इंडस्ट्री से मिलने का मौका मिला। वहां डांस, स्किट और सिंगिंग का मौहाल था। शो में कई तरह के एक्ट्स चल रहे थे, जिनका मकसद लोगों का मनोरंजन करना था। उसी दौरान एक एक्ट भी किया गया, जिसमें मैं खुद शामिल था।''

राजपाल यादव ने बताया कि इस एक्ट में मंच पर सौरभ द्विवेदी और जाकिर खान भी थे। इस एक्ट का मकसद दुनिया की मौजूदा स्थिति को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाना था। आज के समय में दुनियाभर में युद्ध और आर्थिक उतार-चढ़ाव चल रहा है, जिसका असर आम आदमी पर पड़ता है। इसी बात को लेकर हमने एक छोटा सा नाटक तैयार किया था, ताकि दर्शकों को सोचने के साथ-साथ हंसी भी आए।

दिव्येंदु, पुलकित सम्राट और सुविंदर स्टारर 'ग्लोरी' की रिलीज डेट आई सामने, बॉक्सिंग की दिखेगी क्रूर दुनिया

ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स अपनी पहली स्पोर्ट्स थ्रिलर सीरीज ‘ग्लोरी’ लेकर आ रहा है। दिव्येंदु, पुलकित सम्राट और सुविंदर स्टारर सीरीज के मेकर्स ने रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी है।

 डायरेक्टर करण अंशुमन की यह सीरीज बदले, गुस्से, महत्वाकांक्षा और आजादी की दमदार कहानी लेकर आ रही है, जो बॉक्सिंग की क्रूर दुनिया की पृष्ठभूमि पर आधारित है और 1 मई को रिलीज होगी।

सीरीज हरियाणा की पृष्ठभूमि में बनी है और एक उभरते ओलंपिक बॉक्सर निहाल सिंह की रहस्यमयी मौत से शुरू होती है और जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, महत्वाकांक्षा गुस्से में बदल जाती है और बदला लेने की भावना हावी होती दिखती है।

मेकर्स के अनुसार, ‘ग्लोरी’ रिश्तों, सत्ता, धोखे और परिवार की उलझनों को सामने लाते हुए एक रोमांचक सफर प्रस्तुत करती है। सीरीज में मजबूत कलाकारों की टोली है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.