दिल्ली विधानसभा सुरक्षा चूक: बैरियर तोड़कर घुसी कार, संतरी को कुचलने की कोशिश, गंभीर धाराओं में FIR दर्ज
TV9 Bharatvarsh April 09, 2026 05:42 AM

दिल्ली विधानसभा में सिक्योरिटी ब्रीच मामले में दर्ज एफआईआर की कॉपी सामने आई है. जिसने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बता दें कि सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल जय प्रकाश नारायण की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है. यह मामला 6 अप्रैल 2026 का है, जब दोपहर करीब 2:00 बजे CRPF हेड कांस्टेबल जय प्रकाश नारायण गेट नंबर-2 पर ड्यूटी पर तैनात थे.

इसी दौरान करीब 2:10 बजे एक सफेद टाटा सिएरा (UP26AZ8090) तेज रफ्तार में गेट की ओर आती दिखी. गेट बंद था और उस रास्ते से एंट्री नहीं थी, फिर भी चालक ने रुकने का संकेत नहीं माना. आरोपी ने जानबूझकर गाड़ी की स्पीड बढ़ाई और गेट व बूम बैरियर तोड़कर अंदर घुस गया.

संतरी को कुचलने की कोशिश

आरोप है कि गाड़ी को इस तरह चलाया गया कि संतरी को कुचलने की कोशिश की गई, लेकिन वह कूदकर बच गया. इसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर विधानसभा के मुख्य पोर्च तक पहुंच गया. वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोककर बाहर जाने को कहा, लेकिन उसने धमकी दी. आरोपी ने परिसर के अंदर ही तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर ड्यूटी कर रहे पुलिस व अन्य कर्मियों के काम में बाधा डाली. फिर आरोपी दोबारा गेट नंबर-2 की ओर आया और फिर से संतरी को कुचलने की कोशिश की, लेकिन वह फिर बच गया.

एफआईआर में आरोपी का हुलिया दर्ज

एफआईआर में आरोपी का हुलिया भी दर्ज किया गया है, जिसमें उसकी उम्र करीब 35 से 40 साल बताई गई है. जबकि रंग गेहूंआ और गले में लाल रंग का मफलर था. बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची थी. जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से पेंट के सैंपल, गाड़ी के टूटे हिस्से, बाल, आर्टिफिशियल फूल और माला जैसे सबूत जुटाए. वहीं घायल संतरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया.

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 333 और 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही पब्लिक प्रॉपर्टी डैमेज प्रिवेंशन एक्ट की धारा 3 भी लगाई गई है. आरोपी पर हत्या के प्रयास, उच्च सुरक्षा क्षेत्र में जबरन घुसपैठ, सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे काफी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.