ईरान-अमेरिका में सीजफायर के ऐलान के बाद भी इजराइल के लेबनान पर हमले जारी हैं. वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ईरान- अमेरिका सीजफायर की शर्तें बिल्कुल साफ हैं. अमेरिका को एक विकल्प चुनना होगा. या तो सीजफायर, या फिर इजराइल के जरिए जारी युद्ध, दोनों एक साथ नहीं चल सकते. अराघची ने कहा कि दुनिया लेबनान में हो रहे नरसंहार को देख रही है. अब फैसला अमेरिका के हाथ में है.
लेबनान में ईरान समर्थित उग्रवादी समूह हिजबुल्लाह के खिलाफ इजराइल के हवाई हमलों के बाद ईरान ने बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट को एक बार फिर बंद कर दिया. इस बीच, अमेरिका ने ईरान से वैश्विक तेल परिवहन के लिए अहम इस जलमार्ग को तत्काल फिर से खोलने की मांग की. लेबनान पर इजराइली हमलों के जवाब में ईरान की कार्रवाई से यह संदेह पैदा हो गया है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच हुआ सीजफायर बरकरार रह पाएगा या नहीं.
इजराइल ने बेरूत को बनाया निशानाअमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरानी सभ्यता को मिटा देने की धमकियों से अंतिम समय में पीछे हटने के बाद ईरान, अमेरिका और इजराइल बुधवार को दो हफ्ते के सीजफायर पर सहमत हो गए. हालांकि, समझौते की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही इजराइल ने बिना किसी चेतावनी के बेरूत के घनी आबादी वाले कई आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों पर हवाई हमले किए.
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन हमलों में कम से कम 112 लोगों की मौत हो गई और 800 से अधिक घायल हुए. इजराइल ने लेबनान पर हमले के बाद कहा कि ईरान के साथ हुआ सीजफायर समझौता लेबनान में तेहरान के समर्थन वाले उग्रवादी समूह हिजबुल्लाह के साथ उसकी लड़ाई पर लागू नहीं होता.
सीजफायर समझौते में शामिल नहीं लेबनानवहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक समाचार चैनल से कहा कि लेबनानी उग्रवादी समूह हिजबुल्लाह की वजह से लेबनान को सीजफायर समझौते में शामिल नहीं किया गया गया है. उन्होंने लेबनान पर इजराइल के ताजा हमलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह एक अलग लड़ाई है. हालांकि, समझौते में मध्यस्थता करने वाले पाकिस्तान ने पहले कहा था कि ईरान युद्ध में दो हफ्ते के सीजफायर के तहत इजराइल अपने हमले रोक देगा.
होर्मुज स्ट्रेट को फिर से किया बंदईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान ने लेबनान पर इजराइली हमलों के जवाब में होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद कर दिया है. ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के एयरोस्पेस कमांडर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने एक्स पर पोस्ट किया, लेबनान के प्रति आक्रामकता ईरान पर हमला है. उन्होंने चेतावनी दी कि ईरानी सेनाएं कड़ी प्रतिक्रिया की तैयारी कर रही हैं.
नरसंहार को देख रही दुनियाईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि लेबनान में युद्ध का अंत अमेरिका के साथ हुए सीजफायर समझौते का हिस्सा है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पूरी दुनिया लेबनान में हो रहे नरसंहार को देख रही है. अब गेंद अमेरिका के पाले में है और दुनिया देख रही है कि क्या वह अपने वादों पर अमल करेगा.
सीजफायर शर्तों के उल्लंघन का आरोपईरान ने अमेरिका पर सीजफायर समझौते के तीन शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप भी लगाया. इस बीच, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को बंद किया जाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है. उन्होंने इस जलमार्ग को फिर से खोले जाने की राष्ट्रपति ट्रंप की मांग को दोहराया.
आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूरअमेरिका और ईरान, दोनों ने सीजफायर समझौते को अपनी-अपनी जीत बताया. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी और इजराइली सेनाओं ने एक महत्वपूर्ण सैन्य जीत हासिल की है तथा ईरानी सेना अब अमेरिकी सेनाओं या क्षेत्र के लिए कोई बड़ा खतरा नहीं है. वहीं, ईरानी सेना ने कहा कि उसने इजराइल और अमेरिका को अपनी प्रस्तावित शर्तों को स्वीकार करने एवं आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर दिया.