सहारनपुर में तालिबानी सजा, तीन युवकों का सिर मुंडवाकर जूतों से पिटाई, जानें पूरा मामला
TV9 Bharatvarsh April 09, 2026 08:42 AM

सहारनपुर के थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कोलकी राघड़ में पंचायत के नाम पर कानून को ठेंगा दिखाने का मामला सामने आया है. गांव के प्रधान रजत राणा पर आरोप है कि उन्होंने पंचायत बुलाकर तीन युवकों- मुकीम, साहिल और सलमान का न केवल सिर मुंडवाया, बल्कि भरी पंचायत में जूतों से पिटवाकर उनका सार्वजनिक रूप से अपमान भी कराया. इस दौरान शमीम नाम के एक ग्रामीण साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है.

बताया जा रहा है कि मुस्लिम समाज की एक युवती के घर से अकेले निकलने के बाद युवती पक्ष ने इन तीनों युवकों पर उसे भगाने का आरोप लगाया गया था. जानकारी मिली है तीनों युवक जिनपर युवती को भगाने का आरोप लगाया गया था वो अपने घर पर ही मौजूद थे.

तीन युवकों का सिर मुंडवाया

युवती के गायब होने के मामले में देहात कोतवाली पुलिस पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी थी और जांच जारी थी. इसके बावजूद गांव में अलग से पंचायत बुलाकर प्रधान ओर अन्य गांव वालों की मौजूदगी में तीनों युवकों का सिर मुंडवाया गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया. प्रधान रजत राणा को दबंग बताया जा रहा है, इससे पहले भी राणा विवादों में रह चुके हैं.

युवकों के ऊपर मुकदमा दर्ज

इस मामले पर नई जानकारी ये भी निकलकर सामने आई है कि जो युवती अपने घर से गई थी वो नाबालिग थी. युवती के परिजनों ने युवकों के ऊपर मुकदमा दर्ज कराया था, पॉस्को भी लगाया गया था. हालांकि युवती को शहर से ही बरामद कर लिया गया था. जिन युवकों पर आरोप लगा था वो गांव में ही मिले थे लेकिन वो युवती के संपर्क में थे. इस मामले को रफा दफा करने के लिए और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए ये पंचायत बुलाई गई थी और इसमें युवकों को सजा के तौर उनके सिर मुंडाए ओर जूतों से पिटा गया.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.