फ्रांस की कार कंपनी Renault ने भारत में अपनी नई Duster की डिलीवरी शुरू कर दी है. लंबे समय से लोग इस गाड़ी का इंतजार कर रहे थे और अब यह इंतजार खत्म हो गया है. कंपनी ने पहली डिलीवरी को खास बनाने के लिए चेन्नई में एक बड़ा कार्यक्रम रखा. इस दौरान Renault ग्रुप के बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे. पहली Duster चेन्नई के एक मशहूर डॉक्टर अर्थनारी मणिकवासगम को दी गई. कंपनी के CEO फ्रैंकोइस प्रोवोस्ट और भारत के CEO स्टीफन डेब्लेज ने खुद उन्हें गाड़ी की चाबी सौंपी. आइए विस्तार से जानते हैं.
नई Duster की डिलीवरी के साथ ही Renault ने चेन्नई के माउंट रोड पर अपना नया R स्टोर भी खोला है. यह स्टोर काफी बड़ा और मॉडर्न है. इसका कुल एरिया करीब 4,500 वर्ग फुट है, जिसमें से 3,000 वर्ग फुट में गाड़ियों को दिखाने की जगह बनाई गई है. इस शोरूम में एक समय पर 5 गाड़ियां रखी जा सकती हैं. ग्राहकों को अच्छा एक्सपीरियंस देने के लिए यहां खास डिलीवरी एरिया भी बनाया गया है. कंपनी का कहना है कि इस स्टोर में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगा.
चेन्नई का यह दूसरा R स्टोर है और पूरे भारत में अब ऐसे कुल 11 स्टोर हो गए हैं. कंपनी की योजना है कि इस साल के अंत तक ऐसे 70 स्टोर खोले जाएं. इससे ग्राहकों तक पहुंच और भी आसान हो जाएगी. Renault के पास पहले से ही देशभर में 350 से ज्यादा सेल्स सेंटर मौजूद हैं. नई Duster को मिड-साइज SUV सेगमेंट में काफी पसंद किया जा रहा है. कंपनी “Renault Forever” प्रोग्राम के तहत 7 साल या 1,50,000 किलोमीटर तक की सुविधा भी दे रही है. नई Duster, Kiger और Triber की वजह से मार्च 2026 में Renault की बिक्री में 77% की बढ़ोतरी हुई है.
नई Renault Duster अब नए अवतार और एडवांस फीचर्स के साथ आई है, जिसकी कीमत 10.49 लाख से 18.69 लाख (एक्स-शोरूम) तक है. इसमें 999cc से 1333cc तक के टर्बो पेट्रोल इंजन मिलते हैं, जो 99bhp से 161bhp तक की पावर देते हैं. माइलेज 17.75 से 18.45 kmpl तक है और इसमें मैनुअल व ऑटोमैटिक दोनों ऑप्शन मिलते हैं.
फीचर्स की बात करें तो इसमें स्पोर्टी लुक, LED लाइट्स, 212mm ग्राउंड क्लीयरेंस, 10.1-इंच टचस्क्रीन, 7-इंच डिजिटल क्लस्टर, वायरलेस कनेक्टिविटी, 6 एयरबैग्स, 360° कैमरा, Level-2 ADAS और 518 लीटर बूट स्पेस जैसे कई शानदार फीचर्स दिए गए हैं.
Bajaj Dominar का नया अवतार लॉन्च! 350cc इंजन के साथ 40,000 रुपये सस्ती हुई बाइक