टायर फटने के बावजूद भी सड़क पर नहीं खोएगी कंट्रोल, चीनी कंपनी की इस EV की खूब हो रही चर्चा
एबीपी ऑटो डेस्क April 16, 2026 03:42 AM

आजकल इलेक्ट्रिक कारों में सिर्फ माइलेज और डिजाइन ही नहीं बल्कि सेफ्टी फीचर्स पर भी खास जोर दिया जा रहा है. इसी कड़ी में एक चीनी कंपनी ने ऐसी नई इलेक्ट्रिक SUV पेश की है, जो खास तकनीक की वजह से टायर फटने जैसी खतरनाक स्थिति में भी अपना कंट्रोल नहीं खोती. यह टेक्निक भविष्य की कारों को ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बना सकती है.

चीन की ऑटोमोबाइल कंपनी Changan ने अपने नेवो ब्रांड के तहत Nevo Q06 नाम की एक नई मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV पेश की है. यह कार पूरी तरह इलेक्ट्रिक (और एक खास वेरिएंट (EREV) में आएगी. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि EV वर्जन पूरी तरह बैटरी से चलता है, जबकि EREV वर्जन में एक छोटा पेट्रोल इंजन भी होता है जो बैटरी को चार्ज करता है, इससे लंबी दूरी तय करना आसान हो जाता है.गाड़ी की टॉप स्पीड लगभग 200 से 230 किमी/घंटा तक है.

कैसे हैं गाड़ी के सेफ्टी फीचर्स?

इस कार की सबसे खास बात इसके सेफ्टी फीचर्स हैं. इसमें एक खास ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जो गाड़ी को सड़क पर बैलेंस बनाए रखता है. अगर अचानक टायर फट जाए, तब भी यह सिस्टम गाड़ी को कंट्रोल में रखने में मदद करता है, जिससे दुर्घटना का खतरा काफी कम हो जाता है.

इसके अलावा SUV में नई तरह की सोडियम-आयन बैटरी दी जा सकती है. आमतौर पर इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बैटरी ठंड में कमजोर पड़ जाती है लेकिन यह बैटरी बहुत ज्यादा ठंड में भी अच्छा प्रदर्शन करती है. इसके साथ ही इसमें फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी है, जिससे कम समय में कार चार्ज हो सकती है.

अपने हिसाब से कार को कर सकते हैं कस्टमाइज

कंपनी ने इस कार को कस्टमाइज करने का ऑप्शन भी दिया है. ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग व्हील डिजाइन, पैनोरमिक सनरूफ, LiDAR सेंसर और प्राइवेसी ग्लास जैसे फीचर्स चुन सकते हैं. खास बात यह है कि इस गाड़ी में लोगों को 14 अलग-अलग तरह के पहियों के डिजाइन मिलेंगे. यानी यह कार न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि मॉडर्न और स्टाइलिश भी है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह कार भारत में कब लॉन्च होगी, लेकिन इसके फीचर्स देखकर कहा जा सकता है कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक कारें और ज्यादा सुरक्षित और एडवांस होने वाली हैं. 

Kia Syros EV: किआ ला रही बजट इलेक्ट्रिक कार! Nexon EV और MG Windsor को मिलेगी कड़ी टक्कर 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.