'ये कमर्शियल ड्रामा है...', फिर से विवाद में आए समय रैना, 'शक्तिमान' की टिप्पणी पर भड़के मुकेश खन्ना
एबीपी एंटरटेनमेंट डेस्क April 19, 2026 03:42 PM

इन दिनों कॉमेडी, डिजिटल कंटेंट और पुराने टीवी शोज को लेकर बहस तेज हो गई है. एक्टर मुकेश खन्ना और कॉमेडियन समय रैना के बीच टकराव फिर से चर्चा में आ गया है. मामला तब और बढ़ गया जब समय रैना ने अपने स्टैंड-अप शो में कुछ टिप्पणी करते हुए 'शक्तिमान' और हाल ही में हुए विवादों का जिक्र किया. इसके बाद मुकेश खन्ना ने एक इंटरव्यू में अपनी नाराजगी जताई और कहा कि इस तरह की बातों को वो गलत मानते हैं.

टीआरपी होना किसी चीज को सही नहीं बनाता- मुकेश खन्ना

जूम के साथ एक इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने कहा कि आज के कंटेंट क्रिएटर्स को समझना चाहिए कि उनका असर बच्चों और युवाओं पर पड़ता है. हम इस देश के बच्चों और युवाओं को इनफ्लुएंस करते हैं. मैंने खुद 'द कपिल शर्मा शो' को भी मना कर दिया था, क्योंकि मुझे वहां जाने की जरूरत नहीं लगी. मैंने अपना शो बनाया क्योंकि मैं मानता हूं कि इंटरव्यू भी सम्मान के साथ होने चाहिए, उसमें नीचे गिरने की जरूरत नहीं है. सिर्फ करोड़ों टीआरपी होना किसी चीज को सही नहीं बनाता, अगर कुछ गलत है तो उसे गलत कहने की हिम्मत होनी चाहिए.

लोगों से भी किया सवाल 

मुकेश ने आगे बताया कि हमें दर्शकों से भी सवाल पूछना चाहिए कि वो ऐसा कंटेंट क्यों देख रहे हैं. ये एक तरह का 'कमर्शियल ड्रामा' है और पैसा कमाने के लिए कई बार लोग अपनी जिम्मेदारी भूल जाते हैं. कुछ लोग अपने प्लेटफॉर्म पर गलत भाषा और सोच को जगह देकर युवाओं को गलत रास्ते में ले जा रहे हैं. तुम पैसे के लिए युवाओं को खराब कर रहे हो और तुम्हें इसकी कोई शर्म नहीं है.

समय रैना को लेकर मुकेश का जवाब 

इसके साथ ही उन्होंने समय रैना के 'शक्तिमान' पर की गई टिप्पणी के बारे में कहा, 'इस श्रीमान रैना को ये समझ ही नहीं है कि 'शक्तिमान' से किसी बच्चे की मौत नहीं हुई. कुछ लोगों ने गलत बातें फैलाई थी, लेकिन कोर्ट में सच्चाई सामने आ चुकी है. 'शक्तिमान' सात साल तक चला और इसकी पॉपुलैरिटी ही इसका सबूत है. बिना वजह ऐसी बातें फैलाना सही नहीं है. मनोरंजन को जिम्मेदारी से अलग नहीं किया जा सकता क्योंकि कलाकारों की बातों का असर समाज पर गहराई से पड़ता है.'

कैसे शुरू हुआ मामला?

बता दें कि इसकी शुरुआत उस समय हुई, जब समय रैना के शो में एक आपत्तिजनक सवाल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. उस एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े एक बयान पर भी लोगों ने नाराजगी जताई थी. मामला इतना बढ़ गया कि कई जगह एफआईआर तक दर्ज हुई और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. इसी पूरे विवाद के बीच समय रैना ने अपने स्टैंड-अप में मुकेश खन्ना और 'शक्तिमान' का जिक्र करते हुए तंज कसा, जिसके बाद एक नया विवाद सामने आ गया है. 

शादी से पहले बेटी अंशुला पर बोनी कपूर ने लुटाया प्यार, शेयर किया इमोशनल पोस्ट

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.