अनसुलझा रहस्य! आखिर लक्ष्मी को ही क्यों निशाना बना रहे सांप? तीसरी बार डसा, पिता की भी सर्पदंश से हुई थी मौत
TV9 Bharatvarsh April 19, 2026 05:44 PM

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं. नानौता नगर में एक छात्रा को स्कूल परिसर के भीतर सांप ने डस लिया. यह घटना जितनी सामान्य लगती है, इसकी पृष्ठभूमि उतनी ही डरावनी है. दरअसल, इस छात्रा को पहले भी दो बार सांप काट चुका है, और उससे भी ज्यादा खौफनाक बात यह है कि उसके पिता की जान भी सांप के काटने से ही गई थी.

यह सनसनीखेज मामला नानौता नगर के मित्तरगढ़ रोड स्थित एक स्कूल का है. शनिवार को कक्षा 12 की छात्रा लक्ष्मी मित्तल क्लास से बाहर पानी पीने के लिए नल के पास गई थी. इसी दौरान पास में रखी लकड़ियों के ढेर के बीच छिपे एक सांप ने अचानक निकलकर उसके पैर में काट लिया.

छात्रा के शोर मचाने पर स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. स्कूल के शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत परिजनों को सूचित किया और लक्ष्मी को पास के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए. समय रहते उपचार मिलने के कारण छात्रा की जान बच गई और डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे घर भेज दिया.

कुदरत का कहर या कोई अनसुलझा संयोग?

इस घटना ने न केवल लक्ष्मी के परिवार को, बल्कि पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है. छात्रा के परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी के साथ यह तीसरी बार हुआ है जब उसे सांप ने काटा है. बार-बार सांप का केवल उसी को निशाना बनाना लोगों के बीच चर्चा और डर का विषय बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: NIT से इंजीनियरिंग, रिपोर्टर का भेष और नोएडा हिंसा की स्क्रिप्ट फिल्मी है मास्टरमाइंड आदित्य आनंद की क्राइम कुंडली

पिता को भी लील चुका है सर्पदंश

लक्ष्मी के परिवार के लिए सांप किसी अभिशाप से कम नहीं साबित हो रहे हैं. कुछ समय पहले उसके पिता प्रवीण मित्तल की मौत भी सांप के काटने से ही हुई थी. पिता को खोने के बाद अब बेटी के साथ बार-बार हो रही इन घटनाओं ने परिवार को मानसिक रूप से तोड़ दिया है. लोग इसे महज इत्तेफाक मानने को तैयार नहीं हैं. छात्रा और उसके घरवाले अब घर और स्कूल, दोनों ही जगह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.