अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की मच अवेटेड फिल्म 'भूत बंगला' शुक्रवार, 18 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. अक्षय कुमार और वामिका गब्बी स्टारर ये हॉरर-कॉमेडी फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर अब तक की बादशाहत कायम कर चुकी रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' को कड़ी टक्कर दे रही है और उसके दबदबे को खत्म कर रही है. हालांकि शानदार ओपनिंग वीकेंड के बाद, सोमवार को इसकी कमाई में थोड़ी गिरावट आई लेकिन फिर भी 'भूत बंगला' ने वर्ल्डवाइड एक बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया है. जानते हैं 'भूत बंगला' ने रिलीज के चार दिनों में दुनियाभर में कितनी कमाई कर ली है?
'भूत बंगला' ने दुनियाभर में कितनी की कमाई?
'भूत बंगला' ने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये के क्लब में एंट्री कर ली है. दिलचस्प बात ये है कि दर्शकों के मिले-जुले रिस्पॉन्स और आईपीएल के क्रेज के बावजूद इसने ये उपलब्धि हासिल की है. फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क के मुताबिक, वीकेंड में अच्छी कमाई के बाद, फिल्म ने अपने पहले सोमवार, चौथे दिन, भारत में 10984 शो में 6.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसी के साथ 'भूत बंगला' का भारत में 4 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 64.75 करोड़ और ग्रॉस कमाई 77.34 करोड़ रुपये हो गई है. वहीं ओवरसीज में फिल्म ने चौथे दिन 2.50 करोड़ की कमाई की, जिससे इसकी कुल विदेशी कमाई अब तक 29.00 करोड़ हो गई है. इसके साथ ही, इसका वर्ल्डवाइड कुल कलेक्शन 106.34 करोड़ हो गया है.
'भूत बंगला' के बारे में
'भूत बंगला' अक्षय कुमार स्टारर किरदार अर्जुन आचार्य की कहानी है, जो अपनी बहन मीरा (मिथिला पालकर द्वारा स्टारर) के लिए एक ग्रैंड शादी की प्लानिंग करता है. वे मंगलपुर स्थित अपनी पैतृक हवेली में ग्रैंड फंक्शन का आयोजन करते हैं, जो उनके अलग हो चुके दादा ने उनके परिवार को विरासत में दी थी. हालांकि, उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं है कि वह संपत्ति भूतिया है.
हॉरर थ्रिलर और गुदगुदाने वाली कॉमेडी के एलिमेंट से भरपूर इस फिल्म में कई दमदार सितारे हैं. बता दें कि फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा, परेश रावल, वामिका गब्बी, तब्बू, राजपाल यादव, जिस्सू सेनगुप्ता, मिथिला पालकर, मनोज जोशी, जाकिर हुसैन, अश्विनी कालसेकर, मिथुन चक्रवर्ती और राजेश शर्मा सहित कई कलाकार हैं. इसमें दिवंगत दिग्गज असरानी भी हैं, जिनका पिछले अक्टूबर में निधन हो गया था.