UP: जालौन में दबंगों का कहर, एग्जाम देकर लौट रहे छात्र को बेरहमी से पीटा; CCTV में हुए कैद
TV9 Bharatvarsh April 23, 2026 03:43 AM

जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र के मथुरा प्रसाद महाविद्यालय के पास परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र पर दबंग युवकों के एक गुट ने हमला कर दिया. छात्र को बेरहमी से पीटा गया. मारपीट की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. आरोप है कि परीक्षा केंद्र के बाहर पहले से घात लगाए बैठे कुछ छात्रों ने छात्र को घेरकर डंडों और बेल्ट से जमकर पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं पुलिस सीसीटीवी के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कह रही है.

जानकारी के अनुसार, नदीगांव थाना क्षेत्र के सलैया खुर्द गांव निवासी अभिजीत सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह 22 अप्रैल को मथुरा प्रसाद डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने कोंच आया था. परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह दोपहर करीब 1 बजे कॉलेज से बाहर निकला, तभी बाहर पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया.

छात्र पर दबंगों ने बरसाए डंडे

पीड़ित अभिजीत सिंह के अनुसार, हमलावरों में रामू यादव, अनुज चंदसौलिया, देव शर्मा और भाई जी गुर्जर समेत अन्य लोग शामिल थे. आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर उसे गाली-गलौज करते हुए डंडों और बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया. अचानक हुए इस हमले से छात्र संभल भी नहीं पाया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

इस दौरान जब उसका साथी अनुज उसे बचाने के लिए आगे आया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की. हमले में अभिजीत सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने मारपीट के बाद छात्र को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए.

सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट

घटना के बाद घायल छात्र ने उपचार कराया और बुधवार शाम करीब 7 बजे कोंच कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया. पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वीडियो में कुछ युवक छात्र को घेरकर मारते हुए नजर आ रहे हैं, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

इस मामले में कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.