बंगाली या बाहरी, चुनाव जीती तो बीजेपी किसे बनाएगी मुख्यमंत्री, भरे मंच से अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान
एबीपी लाइव April 23, 2026 06:12 AM

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य में भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था का आरोप लगाया. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया था कि बीजेपी राज्य में सत्ता में आने पर किसी बाहरी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएगी. इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने साफ किया कि चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद बीजेपी बंगाली भाषी को ही सीएम बनाएगी.

बीजेपी की तरफ से कौन होगा बंगाल का सीएम?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'अब संत्रास की राजनीति करने वाली ममता बनर्जी को हटाना है. उन्होंने बंगाल को गुंडों के भरोसे छोड़ दिया है. उनका एकमात्र लक्ष्य अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना है. ममता बनर्जी लोगों को गुमराह कर रही हैं कि बीजेपी आएगी तो यहां बाहरी मुख्यमंत्री बनाएगी. मैं आज कहकर जाता हूं, बंगाल का मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्मा हुआ होगा, बंगाली भाषी, बंगाली माध्यम में पढ़ा हुआ बीजेपी का नेता ही होगा.'

सिंडिकेट वाले गुंडे बंगाल छोड़कर भागेंगे: अमित शाह

उन्होंने कहा, 'आज पूरा बंगाल सिंडिकेट से त्रस्त है. आपको सीमेंट लेना है तो सिंडिकेट को पैसा देना पड़ता है. ईंट लेनी है तो सिंडिकेट को पैसा देना पड़ता है, बालू लेना है तो सिंडिकेट को पैसा देना पड़ता है, लेकिन दमदम वालों मेरा वादा याद रखना 5 तारीख के बाद सिंडिकेट वाले बंगाल छोड़कर पलायन कर जाएंगे. दीदी के कारण इंडस्ट्री गई है और बीजेपी के कारण ये सिंडिकेट वाले गुंडे बंगाल छोड़कर भाग जाएंगे.'

ममता सरकार के राज में बेटियां असुरक्षित: अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार के राज में बेटियां पूरी तरह असुरक्षित हैं. उन्होंने कहा, 'आरजी कर, दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज, साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज अनेक संस्थाओं में हमारी बच्चियों के साथ रेप किए गए. इसके बावजूद ममता दीदी बेशर्म होकर कहती हैं कि रात में 7 बजे के बाद महिलाओं को बाहर क्यों जाना चाहिए. मैं वादा करके जाता हूं कि 5 मई के बाद एक छोटी भी बच्ची जब स्कूटी से निकलेगी तो कोई गुंडा उसे आंख उठाकर भी नहीं देख सकेगा. हम बंगाल की माताओं-बहनों और बच्चियों को भय से मुक्त करने का काम करेंगे.'

: West Bengal Elections ED Raid: बंगाल में नुसरत जहां समेत ED की रडार पर कौन-कौन, 24 घंटों में ताबड़तोड़ छापे, कोलकाता के DCP लापता

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.