विधानसभा चुनावों से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बंगाल में पूरी तरह सक्रिय है और 1 अप्रैल से मंत्रियों, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और कथित प्रमुख राजनीतिक मध्यस्थों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के कम से कम 19 मामलों में गहन कार्रवाई कर रही है.
आई-पीएसी के निदेशकों में से एक ऋषि राज तलब
सोमवार को एजेंसी ने टीएमसी से जुड़ी राजनीतिक सलाहकार कंपनी आई-पीएसी के निदेशकों में से एक ऋषि राज को तलब किया. साथ ही, एसएससी भर्ती घोटाले के संबंध में राज्य के शिक्षा विभाग के पूर्व प्रधान सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनीष जैन को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया. आई-पीएसी के एक अन्य निदेशक प्रतीक जैन को पहले भी कई बार तलब किया जा चुका है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल राजनीतिक सलाहकार कंपनी की जांच में तेजी आई है. आई-पीएसी के दूसरे निदेशक विनेश चंदेल फिलहाल ईडी की हिरासत में हैं.
डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास लापता
आई-पीएसी की गहन जांच से यह अटकलें लगने लगीं कि टीएमसी के चुनावी अभियान के लिए महत्वपूर्ण इस फर्म ने अपना कामकाज बंद कर दिया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बात का खंडन किया. टीएमसी ने कहा कि ये बेबुनियाद अटकलें भ्रम पैदा करने के लिए लगाई गई हैं. रविवार को ईडी ने कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा के डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर तलाशी ली, जिनकी पश्चिम बंगाल के निजी मेडिकल कॉलेजों में कथित फर्जी एनआरआई कोटा प्रवेश के मामले में जांच चल रही है. ईडी के समन के बाद कोलकाता पुलिस के DCP शांतनु लापता बताए जा रहे हैं. कोलकाता में छापेमारी के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है.
टीएमसी सांसद नुसरत जहां भी तलब
आईएएस अधिकारी मनीष जैन से पूछताछ पूर्व मंत्री और बनर्जी के करीबी सहयोगी पार्थ चटर्जी के परिसरों पर छापेमारी के तुरंत बाद हुई है. बिस्वास, पूर्व झारग्राम कलेक्टर सुनील अग्रवाल के साथ, रेत खनन, मनी लॉन्ड्रिंग मामले और कोयला खनन घोटाले में पहले से ही जांच के दायरे में हैं. उनके करीबी सहयोगी जय एस कामदार को रविवार को गिरफ्तार किया गया, जब ईडी ने उन पर गैंगस्टर सोना पप्पू से संबंध रखने और सीमा पार और घरेलू हवाला लेनदेन में संलिप्त होने का आरोप लगाया.
राशन घोटाले में ईडी ने पूर्व टीएमसी सांसद नुसरत जहां को तलब किया. ईडी ने राशन की तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में अभिनेत्री और पूर्व टीएमसी सांसद नुसरत जहां आज कोलकाता स्थित ईडी ऑफिस पहुंचीं.