लखनऊ। गुरुवार भारत रत्न बाबा साहब डॉ० भीमराव अम्बेडकर जन्मोत्सव आयोजन समिति उ० प्र० सचिवालय द्वारा उनके 135 जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया। इसी के साथ ही इस समिति ने 10 साल पूरे होने का उत्सव भी मनाया। इस दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक,मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
लोक भवन के ऑडिटोरियम में हुए इस कार्यक्रम के दौरान समिति और उत्तर प्रदेश सचिवालय संघ के अध्यक्ष अर्जुन देव भारती ने इस दौरान भारत रत्न डॉ भीम राव अम्बेडकर को शिव के समान बताया। उन्होंने कहा कि इस समाज से बाबा साहब को सिर्फ विष ही मिला। उन्होंने आगे कहा कि समुद्र मंथन कब हुआ इसका तो ठीक से नहीं पता लेकिन आधुनिक भारत में समुद्र मंथन अम्बेडकर ने किया। इसके फलस्वरूप बौद्ध धर्म अमृत की तरह निकल कर सामने आया।
कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि और यूपी सरकार के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि बाबा साहेब ने कहा था वोट की रक्षा बहू बेटियो की तरह रखनी चाहिए। बाबा साहब ने पहला चुनाव जिस क्षेत्र से लड़े वह पाकिस्तान में चला गया। कोंग्रेस ने बाबा साहब के निजी सचिव को चुनाव लड़ा दिया। वह चुनाव हार गए। डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि बाबा साहब ने अपनी किताब में लिखा कि कांग्रेस पार्टी में चवन्नी के सदस्य न बने। उन्होंने उ०प्र ० सचिवालय संघ को सरकार की बाइक बॉन भी बताया।
उन्होंने कहा कि कुछ भी कर लो सभी चीजें सचिवालय और उनके कर्मचारियों से ही होती हैं। अगर वह नहीं चाहेंगे तो कोई चीज नहीं बदल सकती है। डिप्टी सीएम ने उ० प्र० सचिवालय कर्मचारी संघ से कहा कि संघ के सभी सदस्य उनके परिवार की तरह है। किसी भी प्रकार की मदद के लिए वह हमेशा उनके साथ हैं।
इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के साथ मंत्री अनिल कुमार, विशेष सचिव, गृह विभाग मंजूलता सिंह, संरक्षक, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी डॉ० सुषमा सिंह, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सचिवालय संघ अर्जुन देव भारती, अध्यक्ष, आयोजन समिति बी०पी० नागेश, अध्यक्ष, सहायक समीक्षा अधिकारी संघ संजय यादव, अभय रंजन,हरिलाल सिंह सहित सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।