Khalnayak Returns: संजय दत्त एक बार फिर ‘खलनायक’ बनकर वापसी कर रहे हैं. 33 साल पहले यानी 1993 में वो आए थे. उस वक्त, जो भौकाल काटा था, वो यादें आज भी सबके दिलों में जिंदा है. फिल्म में संजू बाबा के साथ माधुरी दीक्षित भी थीं, जिन्होंने मिलकर बॉक्स ऑफिस में माहौल ही सेट कर दिया था. इतने सालों बाद संजय दत्त फिर से खलनायक बनकर वापसी कर रहे हैं. बीते दिन पिक्चर का फर्स्ट लुक वीडियो सबके सामने पेश किया गया, जिसमें वो एकदम खतरनाक अंदाज में दिखाई दे रहे हैं. पर आज हम बात Khalnayak Returns की नहीं करेंगे. बल्कि पहली फिल्म की करेंगे, जिसकी ये पांच बातें शायद आज भी बहुत लोग नहीं जानते होंगे.
बात है साल 1993 की. जब सुभाष घई अपनी अगली फिल्म लेकर आए , नाम था- ‘खलनायक’ संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ भी फिल्म में थे. यह पिक्चर ‘आंखें’ के बाद साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म थी. जिसने 2 फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीते थे. बल्लू की कहानी तो आज भी सबको याद हैं, पर फिल्म के गाने भी सुपरहिट रहे थे. इस फिल्म के गाने आनंद बख्शी ने लिखे थे. जबकि, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने इन्हें कंपोज किया था. फिल्म के ट्रिविया आज आपको बताएंगे, जिसके हिसाब से ‘खलनायक’ कभी ‘खलनायक’ नहीं होने वाला था. कैसे आइए बताते हैं.
‘खलनायक’ की ये 5 बातें नहीं जानते होंगे आप!1. फिल्म का टाटइल: Imdb के मुताबिक, सुभाष घई ने 1992 में ‘राजा’ टाइटल रजिस्टर करवाया था. ऐसी बातें भी कही गई थी कि ‘खलनायक’ का टाइटल पहले यही रखा जाने वाला था. लेकिन फिर बाद में चीजें बदल गई. इससे जुड़ा एक किस्सा भी है.सुभाष घई और सावन कुमार टाक के बीच ‘खलनायक’ और ‘खलनायिका’ टाइटल को लेकर खूब बवाल हुआ था. जहां घई ने सावन कुमार पर केस भी दर्ज कर दिया था.
2. कौन बनना चाहता था बल्लू: रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिल कपूर खलनायक में बल्लू का किरदार निभाने के लिए उत्सुक थे. यहां तक कि उन्होंने सुभाष घई को इसके लिए मना भी लिया था. लेकिन सुभाष घई ने उन्हें बताया कि उन्होंने संजय दत्त को पहले ही फाइनल कर लिया है. वैसे नाना पाटेकर को लेकर पहले फिल्म बन रही थी, फिर उन्हें हटाकर घई ने संजय दत्त को फाइनल किया.
3. खलनायक का बिजनेस: कहा जाता है कि ‘खलनायक’ पहली ऐसी हिंदी फिल्म थी, जिसने कनाडा और अमेरिका के सिनेमाघरों में जबरदस्त कमाई की. इसके ओपनिंग वीकेंड का कलेक्शन उसी समय रिलीज हुई कुछ हॉलीवुड फिल्मों से भी ज्यादा था.
4. जेल से आकर डबिंग: दरअसल 1993 के बॉम्बे धमाका मामले में संजय दत्त की गिरफ्तारी हुई थी. जिसके चलते यह फिल्म रिलीज न होने की कगार पर पहुंच गई थी. लेकिन जैसे तैसे मामला संभल गया. कहा जाता है कि जेल से बाहर आने के बाद संजय दत्त ने इस फिल्म के लिए डबिंग की थी. जेल से रिहा होने के बाद यह पहली फिल्म थी, जिसके लिए संजय दत्त ने अपनी आवाज दी. हालांकि, इस फिल्म का आखिरी सीन भी ऐसा ही है, जब संजय दत्त को जेल जाते हुए दिखाया गया.
5. खलनायक हॉलीवुड फिल्म बनती?: Imdb से ही पता लगा कि, ‘खलनायक’ असल में एक हॉलीवुड फिल्म बनने वाली थी. उमर शरीफ और अशोक अमृतराज इसे प्रोड्यूस करने वाले थे. पर सुभाष घई ने इस प्रोजेक्ट से हाथ पीछे खींच लिया. वो ऐसी भाषा में फिल्म नहीं बनाना चाहते थे, जिसमें उतना अपनापन न हो. वो जैकी श्रॉफ और नाना पाटेकर को लीड रोल में लेकर एक ‘आर्ट-हाउस’ जॉनर की फिल्म तैयार कर रहे थे. जिसमें जैकी पुलिसवाले और नाना गैंगस्टर का किरदार निभाने वाले थे.पर बाद में कास्ट बदल गई.